
Rga news
अमेरिकी नौसेना प्रमुख एडमिरल जॉन रिचर्डसन शनिवार को भारत आ रहे हैं। इस दौरान दोनों देशों की नौसेना के बीच रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा होगी। ...
वाशिंगटन:-अमेरिकी नौसेना प्रमुख एडमिरल जॉन रिचर्डसन तीन दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। रविवार से शुरू होने वाली आधिकारिक यात्रा के दौरान वह अपने भारतीय समकक्ष के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात तथा दोनों देशों की नौसेना के बीच रणनीतिक मजबूती पर चर्चा करेंगे।
अमेरिकी नौसेना प्रमुख के रूप में रिचर्डसन की यह दूसरी आधिकारिक यात्रा है, जो 12-14 मई तक चलेगी। एडमिरल रिचर्डसन का भारतीय दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि चीन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश में है। दूसरी तरफ, जहां चीन विवादित दक्षिण चीन सागर में अपनी स्थिति मजबूत करने की कवायद में जुटा है, वहीं भारतीय नौसेना वहां होने वाले अमेरिका, फिलीपींस तथा जापान के साथ पहले संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रही है।
अमेरिकी नौसेना ने एक बयान में कहा, 'यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेना के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान पर बल देना है।' रिचर्डसन ने कहा, 'मैं इस यात्रा के लिए उत्सुक हूं।'