
RGA News
इटावा : सोमवार को शाम के समय अचानक धूल भरी आंधी चलने से बसरेहर क्षेत्र काफी प्रभावित हुआ। एक किसान की माइनर में गिरकर मौत हो गई। आंधी से बिजली की लाइनें भी प्रभावित हुईं इससे आपूर्ति ठप हो गई। करीब 15 मिनट तक बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी-पानी थमने के बाद वातावरण में उमस व्याप्त हो गई। सुबह आसमान में घने बादल छाने से हवा की गति थम गई जिससे लोगों ने सारा दिन उमस-तपिश का अहसास किया। तापमान सुबह न्यूनतम 27 तो दोपहर में अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू-लपट न चलने से जनजीवन ने राहत महसूस की। इससे बाजार तथा सार्वजनिक स्थलों पर चहल-पहल का माहौल रहा। शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आंधी-पानी के आसार नजर आए। तेज हवा चलने से शहर का जनजीवन थम गया, विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। आंधी-पानी शहर से निकलकर बसरेहर क्षेत्र में पहुंच गया। आंधी ने ले ली किसान की जान,
बसरेहर : ब्लाक बसरेहर क्षेत्र के ग्राम पत्तापुरा के किसान 57 वर्षीय हरीशंकर पुत्र छविनाथ सिंह गेहूं की फसल के बाद मक्का की फसल तैयार करने के लिए ग्राम से थोड़ी दूरी माइनर से अपने खेत पर पानी लगा रहे थे। आंधी आने से उनका संतुलन बिगड़ गया जो माइनर में गिरकर पानी में डूब गए। आंधी-पानी थमने पर घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाशा तो माइनर से उनका शव निकाला गया। हादसे से गांव में शोक का वातावरण व्याप्त हो गया। दूसरी ओर धूल भरी आंधी के बाद पानी से क्षेत्रीय जनजीवन प्रभावित हो गई, कई जगह बिजली लाइनें तथा पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गई। खेतों में पड़ा भूसा उड़ गया। करीब डेढ़ घंटा तक हालात काफी बदहाल रहे।