स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, दो छात्र घायल 

Praveen Upadhayay's picture

 संवाददाता गाजियाबाद

संवाददाता, साहिबाबाद : पसौंडा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छठीं कक्षा में बृहस्पतिवार स्कूल की छत का प्लास्टर टूटकर दो बच्चों पर गिर गया। दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक छात्र के पैर में फ्रैक्चर आ गया, जबकि दूसरे छात्र के कमर में चोटें आई हैं। दोनों छात्रों को उपचार के बाद बृहस्पतिवार शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गुस्साए परिजनों ने स्कूल के बाहर जमकर हंगामा किया।

साहिबाबाद के पसौंडा में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में करीब दो सौ छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। स्कूल जर्जर हो चुका है। मरम्मत की जगह पुताई कर छोड़ दिया जाता है। बसौला पट्टी के रहने वाले रेहान (11) पुत्र इकरामुद्दीन और इंसार (11) पुत्र दिलशाद ने बुधवार को ही स्कूल की छठीं कक्षा में दाखिला लिया था। बृहस्पतिवार को दोनों पहले ही दिन स्कूल गए थे। छठीं कक्षा में करीब 40 बच्चे थे। सुबह 10 बजे अचानक स्कूल की छत से प्लास्टर टूटकर रेहान और इंसार के ऊपर आ गिरा। छात्रों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि प्लास्टर किसी के सिर पर नहीं गिरा। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रेहान की पीठ में कई जगह चोटें आई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे गई। वहीं इंसार के पैर में फ्रैक्चर आ गया। इंसार को जीटीबी ले जाया गया। जहां बृहस्पतिवार शाम उसे छुट्टी मिली। परिजनों ने बताया कि स्कूल की छतें और दीवारें जर्जर हैं। इसकी बार बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद भी प्रशासन ने सुध नहीं ली।

मरम्मत की जगह हुई पुताई :

पूर्व माध्यमिक विद्यालय वर्ष 2004 में बनाया गया था। इसके बात से स्कूल के मरम्मत का कार्य नहीं किया गया। स्कूल जर्जर पड़ा है। खिड़की दरवाजे टूटे हैं। पहले भी छत से प्लास्टर टूटकर गिरे हैं। फिर में मरम्मत की जगह केवल पुताई की गई। लिहाजा यह हादसा हुआ। पूछताछ में स्कूल के प्रधानाचार्य मोहम्मद फारुख ने बताया कि कई बार स्कूल जर्जर होने की शिकायत और स्कूल की मरम्मत करने की मांग की जा चुकी है। स्कूल में पिछले दो माह से लाइट नहीं है। न ही बच्चों के पीने के लिए पानी है। घटना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एबीएसए समेत अन्य कई अधिकारी स्कूल में पहुंचे। उन्होंने जल्द ही स्कूल में दूसरी कक्षाएं बनवाने का आश्वासन दिया है।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.