बिहार में चली कातिल हवा: तपिश ने तोड़ा 53 साल का रिकॉर्ड, लू से दो दिनों में 161 की मौत

Praveen Upadhayay's picture

RGA News

बिहार में आसमान आग उगल रहा है। इस कारण लू से दो दिनों में 161 लोगों की मौत हो गई। रविवार को भी 101 लोगों की मौत हुई है। हाहाकार मचा हुआ है। मौसम के कहर की पूरी जानकारी इस खबर में।...

पटना:- बिहार में मौसम आग उगल रहा है। पटना की बात करें तो गर्मी ने 53 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बीते दो दिनों तक पटना बिहार का सबसे गर्म शहर बना रहा। सोमवार को भी भीषण गर्मी के आसार हैं। 
इस बीच दो दिनों में लू से 161 लोगों की मौत हो गई है। मौत का सिलसिला जारी है। 
रविवार को लू से 101 लोगों की जान चली गई। इसके पहले शनिवार को गया और आसपास के इलाकों में 60 से अधिक लोग मरे थे। सबसे खराब हालत औरंगाबाद की रही, जहां 35 और मौत हुई। राज्‍य के विभिन्‍न अस्‍पतालों में तीन सौ से अधिक मरीज भर्ती हैं, जिनमें दर्जनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 
पूरे बिहार में गर्मी का कहर, पटना सबसे गर्म 
पूरे बिहार में गर्मी का कहर जारी है। पटना रविवार को लगातार दूसरे दिन बिहार में सबसे गर्म शहर रहा। राजधानी और आसपास के इलाकों में लोग देर रात तक गर्म हवा से बेहाल रहे। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सामान्यत: अधिकतम तापमान 36 डिग्री होना चाहिए, लेकिन यह 45 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 23 फीसद रही। 
पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान ने पिछले 53 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इससे पूर्व 14 जून 2012 को पटना का पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। लगातार दूसरे दिन रविवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहने से 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। 
रविवार को गया का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री की जगह 44.4 डिग्री और न्यूनतम 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 

18 जून तक लू की आशंका, फिर राहत की उम्‍मीद
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी पटना, गया, औरंगाबाद, नालंदा, राजगीर, मुजफ्फरपुर, छपरा और मोतिहारी लू की चपेट में रहेंगे। पटना, छपरा और मुजफ्फरपुर 18 जून तक हीट वेव की चपेट में रहेंगे। औरंगाबाद, गया, नालंदा और राजगीर सोमवार तक लू की चपेट में रहेंगे। हालांकि, राज्य में 18 जून को तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। इससे थोड़ी राहत की उम्मीद है। 

रविवार को प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान 
पटना: 45 
गया: 44.4 
भागलपुर: 41 
पूर्णिया: 36.2 
औरंगाबाद: 44 
छपरा: 42.5 
मधुबनी: 40 
मोतिहारी: 42 
मुजफ्फरपुर: 40.6 
नालंदा: 44 
राजगीर: 44 
आज चार शहरों के संभावित अधिकतम तापमान
पटना: 44 
गया: 43 
भागलपुर: 40 
पूर्णिया: 38

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.