RGA News, ब्यूरो चीफ आगरा
वृंदावन में जगन्नाथ मंदिर में शुरू हुआ जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव। विश्राम कर रहे भगवान जगन्नाथ अब 4 जुलाई को देंगे दर्शन। ...
आगरा:-भगवान जगन्नाथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सहस्त्रधारा स्नान करवाया तो दर्शन कर भक्तों के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। अधिक स्नान से भगवान पर शीत का प्रकोप से अस्वस्थ हो गए। अब वे विश्राम करने को चले गए हैं। अब भगवान जगन्नाथ 4 जुलाई को ही भक्तों को दर्शन देंगे। इसी दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा के साथ रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे।
परिक्रमा मार्ग स्थित जगन्नाथ मंदिर में महंत ज्ञानप्रकाश पुरी के सान्निध्य में सेवायतों ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का महाभिषेक किया। महंत पुरी ने दूध, दही, घी, शहर, शर्करा व सभी नदियों के जल, औषधि एवं जड़ी बूटियों, एकादश फलों के रस का सहस्त्र धाराओं के साथ महाभिषेक किया तो दर्शन को उमड़ी भीड़ ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए। पर्व का वर्णन करते हुए महंत पुरी ने बताया कि ब्रह्म पुराण में उल्लेख है कि ब्रह्माजी राजा इंद्रधुम्न से कहते हैं कि जो प्राणी ज्येष्ठ पूर्णिमा को भगवान जगन्नाथ के महाभिषेक का दर्शन करता है उस प्राणी को किसी भी मां के गर्भ में नहीं जाना पड़ता। यानि की उस प्राणी की मुक्ति हो जाती है। स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ गणेश रूप धारण कर विश्राम गृह में चले जाएंगे और भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। इस अवधि में भगवान की सेवा आदि स्कंध पुराण के अनुसार विधि विधान पूर्वक चलेगी। कहते हैं कि अधिक स्नान के कारण भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं और विश्राम करते हैं। इसके बाद 4 जुलाई को आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को अरुणोदय बेला में भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देंगे और महाआरती होगी। इसी दिन शाम को तीन बजे से भगवान रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे।