आधार से लिंक होगी कर्मचारियों की हाजिरी 

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज संवाददाता बरेली

 बरेली : बैंक खाता, गैस कनेक्शन, मोबाइल सिमकार्ड के लिए तो आधार अनिवार्य है ही। अब कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों की हाजिरी भी आधार से लगेगी। महज कागज पर प्रिंट लेकर बॉयोमीट्रिक का दिखावा अब नहीं चलेगा। जिला प्रशासन के इन कार्यालयों में सीधे बीएएस (बॉयोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम) से जुड़ी मशीनें लगाई जाएंगी। यह मशीनें एनआइसी मुख्यालय के माध्यम से लखनऊ में राज्य सरकार व राजस्व परिषद के अटेंडेंस सिस्टम से लिंक रहेंगी। यानी हाजिरी, अनुपस्थिति या देरी से आने-जाने का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन रहेगा। बरेली में 16 मशीनें कलेक्ट्रेट भेज दी गई हैं। अब सोमवार से इन्हें तहसीलों में स्थापित करने का काम शुरू होगा।

आधार डाटा बेस जुटा रहा कलेक्ट्रेट नजारत

प्रशासन के अधीन कलेक्ट्रेट के साथ ही सभी छह तहसील आती हैं। चार मशीनें कलेक्ट्रेट परिसर में और दो-दो मशीनें तहसील में लगेंगी। इन मशीनों पर संबंधित दफ्तरों में कार्यरत कर्मचारियों के आधार रिकॉर्ड के अनुसार अंगुली की छाप ली जाएगी। कलेक्ट्रेट का नजारत अनुभाग सभी कर्मचारियों के आधार का डाटा बेस जुटा रहा है, जिसे एनआइसी के माध्यम से मशीनों पर अपलोड कराया जाएगा।

13 हजार की एक मशीन

कलेक्ट्रेट और तहसीलों में लगाने के लिए 16 मशीनें भेजी गई हैं। एक मशीन की लागत करीब 13 हजार रुपये है। मशीन पर अंगुली रखते ही आधार के अंतिम छह अंक भी प्रदर्शित होंगे। नई व्यवस्था

- अब कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों की हाजिरी भी आधार से लगेगी

-सेंट्रल अटेंडेंस सिस्टम से जुड़ेंगी कलेक्ट्रेट और तहसीलें

- 16 मशीनें खरीदी गई, नियुक्ति विवरण लेने का काम शुरू

-सोमवार से इन्हें तहसीलों में स्थापित करने का काम शुरू होगा।

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.