![Raj Bahadur's picture Raj Bahadur's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-13-1546707786.jpg?itok=_bTDIAhC)
RGANews
इलाहाबाद - दहेज के लिए सरायअकिल के तिल्हापुर में रविवार रात युवक ने पत्नी और दो मासूम बेटियों को जिंदा फूंक दिया। हत्या करने के बाद तीनों की अधजली लाश बक्से में बंद कर दी। जानकारी पर सोमवार सुबह विवाहिता के मायकेवाले मौके पर पहुंचे। मृतका की मां ने पति, ससुर समेत दो जेठानियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया।
करारी के बरई बंधवा की अमरावती (25) की शादी वर्ष 2013 में सरायअकिल थाना क्षेत्र के तिल्हापुर गांव निवासी राजू के साथ हुई थी। राजू के पिता बुधई इलाहाबाद के एक कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात हैं। राजू भी अपने पिता के साथ रहता है और घर आता-जाता रहता है। उसके दो बड़े भाई अलग रहते हैं।
रविवार रात लाइट न होने पर राजू, उसकी पत्नी अमरावती बेटी नैना (03) और डेढ़ वर्ष की सुनैना के साथ छत पर सो रहा था। रात करीब एक बजे लाइट आई तो अमरावती बेटियों को लेकर नीचे चली गई। रात करीब दो बजे के बाद राजू के घर से रोने-पीटने की आवाजें आने लगीं। मोहल्ले के लोग भागकर पहुंचे तो देखा कि बक्से में अमरावती और उसकी बेटियों की अधजली लाशें पड़ी थी।
सूचना सरायअकिल थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह एएसपी अशोक कुमार भी पहुंचे। जानकारी होने पर अमरावती के मायके वाले भी आ गए। बेटी और नतिनी की लाशों को देखकर परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। मृतका की मां छुनकी देवी और पिता खिन्नीलाल ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। छुनकी देवी ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी।
सरायअकिल थाने की पुलिस ने पति राजू, ससुर बुधई, जेठानी लक्ष्मी देवी और भतीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पति का कहना है कि अमरावती ने बेटियों संग आत्महत्या की है। दरवाजा अंदर से बंद था। वह पड़ोसी के घर से रोशनदान के सहारे अंदर घुसा था। एएसपी अशोक कुमार का कहना है कि दहेज हत्या का मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वर्जन-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में बर्न इंजरी के साथ दम घुटने से मौत होने का जिक्र किया है। डॉक्टरों को पोस्टमार्टम के दौरान सांस की नली में धुआं मिला है। दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पति व ससुर को गिरफ्तार किया गया है। घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।