![Raj Bahadur's picture Raj Bahadur's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-13-1546707786.jpg?itok=_bTDIAhC)
RGANews व्यूरो चीफ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास गाय-बछड़ों की संख्या में चौगुनी वृद्धि हुई है। छह साल पहले 2012 में जब वे दूसरी बार विधान पार्षद बने थे, तब उनके पास दो गायें और दो ही बछड़े थे। 2018 में उनके पास नौ गायें व सात बछड़े हैं।
मुख्यमंत्री से धनी उनके पुत्र निशांत हैं। सीएम के पास 16.49 लाख की तो उनके पुत्र के पास 1.28 करोड़ की चल संपत्ति है। 2012 में सीएम के पास सैंट्रो कार थी। इसकी जगह अब फोर्ड टाईटेनियम है। सीएम व उनके पुत्र की संपत्ति में छह वर्षों में कुछ खास वृद्धि नहीं हुई है। सीएम के पास बैंकों में 64 हजार, 51 हजार 700 की ज्वेलरी, दिल्ली के द्वारका में 1000 वर्ग फीट एरिया का फ्लैट है। उनके पास कृषि योग्य भूमि नहीं है। उनके पुत्र के पास बैंकों में 87 लाख, 11.92 लाख की ज्वेलरी व 88.80 लाख की कृषि भूमि है।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की आय उनकी पत्नी से कम है। उनकी पत्नी प्राध्यापक हैं। श्री मोदी ने शपथ-पत्र में अपनी व पत्नी की संपत्ति का ब्योरा दिया है। इसमें उन्होंने दिखाया है कि 2016-17 में उनकी आय 10.45 लाख और उनकी पत्नी की आय 12.78 लाख थी। छह साल पहले 2011-12 में श्री मोदी की आय 4.09 लाख और उनकी पत्नी की आय 5.91 लाख थी। इस तरह देखें तो दोनों की आमदनी में वृद्धि हुई है। उनके बैंकों और अन्य जगहों में 46.84 लाख जमा हैं। उनकी पत्नी के 75 लाख जमा हैं। श्री मोदी के पास एक स्विफ्ट कार है। यूपी में गौतमबुद्ध नगर में 1610 वर्गफीट का फ्लैट है। 16 लाख का लोन भी है इन पर।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास 36 हजार 500 तो पत्नी उर्मिला पांडेय के पास 42 हजार है। बचत खाते में छह लाख 87 हजार, 21 लाख, 46 लाख 17 हजार और तीन लाख की तीन एफडी है। खुद के नाम पर कुल 97 लाख 14 हजार 317, पत्नी के पास 48 लाख 99 हजार 785 तो बेटे के पास छह लाख 70 हजार की चल संपत्ति है। एनएससी, केवीपी व बांड में निवेश है। अचल संपत्ति शून्य है। एक टाटा सफारी है। तीन लाख 30 हजार मूल्य के 110 ग्राम सोना, पत्नी के पास 14 लाख कीमत का 490 ग्राम सोना, 5.8 किलो चांदी है। एक राइफल ले रखे मंगल पांडेय की पत्नी कदमकुआं के मेसर्स पांडेय साइंटिफिक एंड स्पोटर्स में 50 फीसदी की हिस्सेदारी के नाते 44 लाख की मालकिन हैं।
जदयू प्रत्याशी एवं पूर्वी चंपारण के बलुआ गांव निवासी खालिद अनवर करोड़पति हैं। दिल्ली के मौर्य विहार में दो फ्लैट (एक पत्नी के नाम), ललिता पार्क में एक और एक पटना के कंकड़बाग में है। इनका बाजार भाव साढ़े तीन करोड़ से अधिक है। पति-पत्नी के पास करीब 28 लाख चल और 1.9 करोड़ की अचल संपत्ति है। हालांकि इन पर करीब 68 लाख का लोन भी है। श्री अनवर के पास कोई गाड़ी और जेवरात नहीं हैं। हालांकि पत्नी के पास 2.56 लाख का सोना और 67500 मूल्य के चांदी के गहने हैं। ढाका के बलुआ में 27 कट्ठा 31 धूर कृषि भूमि (मौजूदा कीमत 40.5 लाख) और 25 लाख की गैर कृषि भूमि है।
जदयू के रामेश्वर महतो करोड़पति हैं। इनके पास दो कंपनियों का स्वामित्व भी है। इनके पास 1 करोड़ 37 लाख 45 हजार तो पत्नी के पास डेढ़ करोड़ की चल संपत्ति है। पत्नी संध्या तनेजा के पास करीब 9 करोड़ तो श्री महतो के पास 4.31 करोड़ की अचल संपत्ति है। इन्होंने 16.5 लाख का लोन लिया है। रामेश्वर के पास गुड़गांव तथा गुजरात में जबकि पत्नी के पास नई दिल्ली में फ्लैट है। पत्नी के पास करीब 37 लाख के, जबकि इनके पास 4.6 लाख के जेवरात हैं। रामेश्वर महतो के पास 2003 मॉडल की 9.70 लाख की टोयटा क्वालिस है। बैंक खातों में करीब 8.50 लाख हैं। पत्नी के खातों में 3 लाख हैं। पति-पत्नी की दो कंपनियों में करीब एक-एक करोड़ की पूंजीगत साङोदारी है।