RGANews
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश में नकदी संकट केंद्र सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है। केंद्र ने बैकिंग व्यवस्था को प्रयोगशाला बना दिया है। इसी वजह से पूरा सिस्टम लड़खड़ा गया है। एटीएम से पैसा गायब है और देश के प्रधानमंत्री विदेश यात्रा कर रहे हैं। जीएसटी ने कारोबार और कारोबारियों को बर्बाद कर दिया। आम जनता को इसका कोई फायदा नहीं पहुंचा। परेशान जनता उचित समय पर इसका जवाब देगी।
बुधवार को पत्नी डिंपल और बच्चों के साथ एक वैवाहिक समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे सपा मुखिया ने कहा, देश और प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों में लोग प्रधानमंत्री से हिंसा और बलात्कार पर जवाब मांग रहे हैं। इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है? देश के प्रधानमंत्री के पास इसका जवाब नहीं है।
रेपकांड के आरोपियों को बचा रही सरकार
उन्होंने कहा कि उन्नाव रेप कांड में पीड़िता के पिता की हत्या कर दी गई। उसे इतना मारा पीटा गया कि दर्जनों चोटें आईं। उसके बावजूद उसे जेल भेज दिया गया। यह आरोपियों को बचाने के लिए किया गया। आरोपी को बचाने के लिए पूरी सरकार लग गई। सरकार अभी भी आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
महिलाओं की आवाज दबाई जा रही
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के लोग महिलाओं पर हो अत्याचार को लेकर संवेदनहीन हो गए हैं। महिलाओं की आवाज दबाई जा रही है। उनकी शिकायतों को नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए थे। वूमेन हेल्पलाइन, रानी लक्ष्मी बाई आशा ज्योति केन्द्र और डायल 100 से महिलाएं सुरक्षित थीं। कानपुर पहुंचने पर नगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खां, विधायक हाजी इरफान सोलंकी, विधायक अमिताभ वाजपेई, नगर सचिव अरुण मिश्र, हाजी मोहम्मद हसन रूमी, पूर्व नगर अध्यक्ष चन्द्रेश सिंह ने समर्थकों के साथ स्वागत किया।