![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA News, लखनऊ
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आगरा के भीषण सड़क हादसे में 29 यात्रियों की मौत व अन्य 22 लोगों के घायल होने की खबर पर कहा कि यह अति-दुखद है।...
लखनऊ:- आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में आज यमुना एक्सप्रेस-वे पर जनरथ बस की दुर्घटना पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने वाले राहुल गांधी ने दुख जताया है। मायावती के साथ ही राहुल गांधी ने ट्वीट पर इस हादसे पर अपना-अपना दुख प्रकट किया है।
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आगरा के भीषण सड़क हादसे में 29 यात्रियों की मौत व अन्य 22 लोगों के घायल होने की खबर पर कहा कि यह अति-दु:खद है। मेरी सभी पीडि़त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। प्रदेश व केंद्र सरकार उन्हें तत्काल उचित राहत व सहायता दे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लगातार हो रही घातक सड़क दुर्घटनाओं के प्रति सरकार को सतर्क होकर उचित कदम उठाने की सख्त जरूरत है।
राहुल गांधी ने कहा कि आगरा में यह सड़क दुर्घटना बेहद दर्दनाक है। सभी परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं। राहुल गांधी ने लिखा कि मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राहुल गांधी ने लिखा कि लखनऊ से दिल्ली आ रही रोडवेज बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई इस दुखद समाचार से आहत हूं। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है।
अखिलेश ने की 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। अखिलेश यादव ने सरकार से मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए की मुआवजा राशि देनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की।
प्रियंका वाड्रा और राजब्बर ने भी जताया दुख
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई भीषण बस दुर्घटना की खबर स्तब्ध करने वाली है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा के बारे में सोचकर मन विचलित है। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। वहीं राजब्बर ने भी घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा, ऐसी व्यवस्था की जाए कि ऐसी हृदय विदारक घटनाएं न होने पाएं।