
बरेली संवाददाता
RGA न्यूज संवाददाता बरेली : बरेली कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा भवन निर्माण के लिए मठिया ढहाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दी। इससे एबीवीपी कार्यकर्ता भड़क गए। कैंपस पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया। बुल्डोजर वाले को भगाया। प्राचार्य का घेराव कर आरोप लगाया कि अवैध निर्माण कराया जा रहा है। नोकझोंक बढ़ती गई तो कॉलेज वालों ने पुलिस बुला ली। जिसके बाद माहौल शांत हुआ। शाम तक कैंपस के बाहर फोर्स तैनात थी।
कॉलेज में दो हजार क्षमता का एक और परीक्षा भवन बनवाया जा रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रनेताओं का आरोप है कि वहां पर एक मठिया थी। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा भवन बनाने के लिए मठिया वहां से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दी। संगठन मंत्री राहुल चौहान, गौरव यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता इसके विरोध में गुरुवार को कॉलेज पहुंचे। विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुल्डोजर से हो रही खोदाई रुकवा दी। करीब तीन घंटे तक विरोध-प्रदर्शन चलता रहा।
छात्र नेताओं ने प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा से कहा कि मठिया पुराने स्थान पर दोबारा बनवाएं। इसके बाद ब्वॉयज हॉस्टल बनवाएं, जिससे गरीब छात्रों को यहां रहने का मौका मिले। इसके बाद ही परीक्षा भवन बनवाया जाए। जब तक हॉस्टल नहीं, तब तक कोई भी निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। छात्रों ने पूर्व में बनवाए गए परीक्षा भवन की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई। एबीवीपी के संगठन मंत्री राहुल चौहान का आरोप है कि परीक्षा भवन निर्माण का ई-टेंडर नहीं हुआ। अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है।
मठिया नहीं, वो पूजा स्थल था जोकि एक कर्मचारी ने बताना था। सम्मान के साथ जिसे शिफ्ट कर दिया गया। टेंडर की बात है तो निर्माण का एक्सटेंशन किया गया है। पहले जो परीक्षा भवन बना था, उसके साथ इसे जोड़कर बनाया जा रहा है।
-डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य बरेली कॉलेज