
RGA News, पटना बिहार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने माना कि प्रदेश में हत्या की घटनाएं इन दिनों बढ़ गयी हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अपराध की अन्य घटनाएं घटी हैं। ...
पटना:- बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने माना कि प्रदेश में हत्या की घटनाएं इन दिनों बढ़ गयी हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अपराध की अन्य घटनाएं घटी हैं। सीएम नीतीश ने ये बातें गुरुवार को विधानसभा में कहीं। वे गृह विभाग के बजट का जवाब दे रहे थे। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए मैं निरंतर प्रयास करता रहता हूं।
सीएम नीतीश ने कहा कि बिहार में हत्या को छोड़कर अपराध से जुड़े अधिसंख्य मामले कम हुए हैं। वर्ष 2018 से 2019 की तुलना करें तो चोरी, डकैती, दुष्कर्म, सांप्रदायिक जैसी घटनाओं में कमी आई है। फिरौती जैसी घटना रुक गयी है, लेकिन हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अपहरण के मामलों में भी कमी आई है। कई मामलों में पुलिस ने बेहतर रिजल्ट दिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा बढ़ा है। सौहार्द का वातावरण बन रहा है और लोग आपस में मिल्लत से रह रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सोशल मीडिया इन दिनों कुछ ज्यादा ही सक्रिय है। उसके दुष्परिणाम भी सामने आ रहे हैं। बता दें कि विपक्ष विधानमंडल के मानसून सत्र में बिहार में गिरती विधि-व्यवस्था पर नीतीश सरकार पर जमकर बरस रहा है। यहां तक कि पिछले दिनों सरकार में शामिल भाजपा नेता रामेश्वर प्रसाद ने भी बिहार में बढ़ते क्राइम पर सवाल दागा था। इसी को लेकर गुरुवार को विधानसभा में सीएम ने अपराध पर अपनी बात रखी।