![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश आगरा
शमसाबाद क्षेत्र में गुरुवार सुबह वृद्ध महिला के साथ अमानवीयता। शाहगंज के नगला छऊआ में बुधवार को युवक को बनाया था निशाना पुलिस ने लोगों से बचाया। अफवाह फैलाने पर 100 अज्ञात पर केस।...
आगरा:- बच्चा चोर और कच्छा बनियानधारी बदमाशों की अफवाह पुलिस के लिए सिरदर्द साबित हो रही है। शाहगंज में मंगलवार भीड़ ने एक और युवक को बच्चा चोर बताते हुए बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने किसी तरह उसे बचाया। पुलिस ने अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए मारपीट करने वालों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें 100 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है। पुलिस द्वारा भीड़ से छुड़ाया गया युवक नहीं बता पा रहा सही पता। घटना दोपहर एक बजे की है। शाहगंज के नगला छऊआ में रेलवे लाइन किनारे बैठे युवक को कुछ लोगों ने आकर घेर लिया। उसका नाम-पता और वहां बैठने का कारण पूछने लगे। युवक द्वारा कोई जवाब नहीं देने पर लोगों ने उसे बच्चा चोर बताते हुए पीटना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर भीड़ वहां जुट गई। भीड़ ने भी युवक को शक के आधार पर बुरी तरह पीट डाला। जानकारी होने पर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से बचाया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम अभय उर्फ छोटू उर्फ कलाकार बताया। वह अपना पता कभी मुजफ्फर नगर के थाना भोपा के गांव भोकर हेडी बताता तो कभी खतौली। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर है। अनुमान है कि वह नगला छऊआ पर किसी ट्रेन के धीमी होने पर उससे उतर गया होगा। बता दें कि सोमवार की शाम को भी भीड़ ने कमाल खां और सराय ख्वाजा क्षेत्र में दो युवकों को बच्चा चोर होने के शक में पीट दिया था। चौकी पर जमकर हंगामा किया था। भीड़ को पुलिस ने लाठियां फटकार करके खदेड़ा था। सीओ लोहामंडी चमन कुमार चावड़ा ने बताया कि अफवाह फैलाने और मारपीट करने के मामले शाहगंज थाने में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इसमें अज्ञात 100 लोगों को आरोपित बनाया गया है। आरोपितों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से शिनाख्त की जाएगी।
शमसाबाद में रातभर दौड़ी पुलिस
शमसाबाद में भी बच्चा चोर गैंग की अफवाह चल रही है। रातभर पुलिस दौड़ती रही। गुरुवार सुबह लोगों ने एक बुजुर्ग मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर होने के शक में जमकर पीटा। इतने पर भी मन नहीं भरा तो उसके हाथ पकड़कर सड़क पर घसीटा गया। महिला चूंकि विक्षिप्त है, इसलिए वह समझ ही नहीं पा रही थी कि आखिर ये लोग उसे सजा किस बात की दे रहे हैं।
अफवाहों के पीछे सुनियोजित साजिश तो नहीं
शहर से लेकर देहात तक बच्चा चोर और कच्छा बनियानधारी बदमाशों की अफवाहों के पीछे सुनियोजित साजिश तो नहीं है। पुलिस इस पहलू से भी छानबीन कर रही है। इन अफवाहों का स्रोत और शुरूआत कहां से हो रही है, इसे जानने की कोशिश कर रही है।
दो साल पहले फैली थी चोटी कटवा की अफवाह
दो साल पहले शहर में इसी तरह चोटी कटवा की अफवाह उड़ी थी। इसमें घरों के अंदर से एक दर्जन से अधिक महिलाओं की चोटी कट गई थी। उक्त अफवाह का स्रोत भी पुलिस नहीं खोज सकी थी।