उत्तर प्रदेश में पौधारोपण महाकुंभ आज, CM योगी लखनऊ में करेंगे श्री गणेश, लगेंगे 22 करोड़ पौधे

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ के मौके पर 22 करोड़ पौधारोपण महाकुंभ का शुभारंभ करेंगे।...

लखनऊ:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ के मौके पर 22 करोड़ पौधारोपण महाकुंभ का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री लखनऊ के जैतीखेड़ा में सुबह आठ बजे हरिशंकरी का रोपण कर इस अभियान को हरी झंडी देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रयागराज जाएंगे। वहां परेड ग्राउंड में निशुल्क पौध वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां एक ही स्थान पर सबसे अधिक पौधे वितरित करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कांसगज में 'गंगा वन' में पौधारोपण करेंगी।

वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए सभी जिलों में गांधी उपवन स्थापित किया जा रहा है। इसमें आम, बरगद, नीम, साल, महुआ, कल्पवृक्ष, सहजन आदि प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। गांधी उपवन में जन प्रतिनिधियों एवं विशिष्टजन की उपस्थिति में अंतिम पौधा नक्षत्र एवं मौलश्री का रोपित किया जाएगा।

वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय वन सर्वेक्षण की 2017 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में वन क्षेत्र 16582 वर्ग किलोमीटर, वनावरण 14679 वर्ग किलोमीटर एवं वृक्षावरण 7542 वर्ग किलोमीटर है। वर्ष 2015 की तुलना में वनावरण में 278 वर्ग किलोमीटर एवं वृक्षावरण में 398 वर्ग किलोमीटर यानी कुल वनावरण व वृक्षावरण में 676 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। यह सब लगातार पौधारोपण अभियान चलाने के कारण संभव हुआ है।

22 करोड़ पौधारोपण महाकुंभ अभियान की मूल इकाई ग्राम पंचायत निश्चित की गई है। इस प्रकार 822 विकास खंड, 58924 ग्राम पंचायत तथा 652 शहरी निकाय क्षेत्र में पौधारोपण का माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। कुल 14,30,381 स्थलों पर यह पौधारोपण होगा। इसके लिए 1490 नर्सरियों में लगभग 27 करोड़ पौधे तैयार हैं।

पौधारोपण की स्वतंत्र एजेंसी से होगी जांच

वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने बताया कि पौधारोपण अभियान की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाएगी। पौधारोपण के बाद पौधों की क्या स्थिति है इसका मूल्यांकन किया जाएगा। जिन स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है वहां जियो टैगिंग की जा रही है।

चुनावी पैटर्न पर होगी निगरानी

मंत्री ने बताया कि पौधारोपण अभियान की निगरानी चुनावी पैटर्न पर की जाएगी। इसमें पौधे मतपत्र होंगे व ग्राम पंचायत पोलिंग बूथ। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारी पीठासीन अधिकारी होंगे। ब्लाक स्तर पर सेक्टर पौधारोपण समन्वयक, न्याय पंचायत स्तर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, तहसील स्तर पर जोनल पौधारोपण समन्वयक तथा जोनल मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.