सुप्रीम कोर्ट कर सकती है विशेषाधिकार का प्रयोग:कोकजे

Raj Bahadur's picture

RGANews

विश्व हिन्दू परिषद के नव निर्वाचित अन्तरराष्ट्रीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति विष्णु सदाशिव कोकजे सोमवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में माथा टेका। इसके बाद रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। 
विहिप अध्यक्ष के रूप में पहली बार मीडिया से मुखातिब न्यायमूर्ति कोकजे ने राम मंदिर प्रकरण को लेकर कहा कि यह मामला न्यायालय के विचाराधीन है इसलिए पर सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं है। 
कोकजे ने विहिप सुप्रीमो अशोक सिंहल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर आन्दोलन को पहले ही वैचारिक आन्दोलन का रूप दे दिया है। विहिप की रामजन्मभूमि कार्यशाला में विहिप अध्यक्ष ने अपने अदालती अनुभवों के आधार पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने नए दावों को खारिज कर सीधे प्रकरण पर सुनवाई का रास्ता साफ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कोर्ट की प्रक्रिया को देखते हुए कहा जा सकता है कि छह माह में फैसला आ जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोर्ट के प्रति नकारात्मक रवैया अपनाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण ईश्वरीय कार्य है और अब तक की जो भी प्रगति हुई है, वह भी ईश्वर की कृपा से ही हुई है।
उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि भगवद कृपा से आगे भी फैसला मंदिर के पक्ष में ही आएगा। उन्होंने सीजेआई के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि न्यायहित में कोर्ट को धारा 142 के अन्तर्गत विशेषाधिकार प्राप्त है। 
उन्होंने कहा कि यह इतना बड़ा अधिकार है कि कोर्ट अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर भी निर्णय दे सकता है। यदि केन्द्र सरकार को कोई कानून बनाती भी है तो उसे भी कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है। ऐसे में कोर्ट पर अविश्वास करने का कोई कारण नहीं है।
उन्होंने एक जवाब में कहा कि हमारी ओर से भी कोर्ट में प्रतिष्ठित अधिवक्ता बहस कर करेंगे और कोर्ट का फैसला आने के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने संतों की नाराजगी के सवाल पर कहा कि वह देश भर के प्रवास पर निकले हैं और संतों के पास जाकर उनसे राय-मशविरा करेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री से सम्बन्धित सवाल के जवाब में कहा कि हमारा काम किसी सरकार का आंकलन करना नहीं है। इसके साथ ही जोड़ा कि देश में अब तक आई सभी सरकारों में एनडीए की सरकार ही हमारी विचारधारा के सबसे निकट है। श्री कोकजे ने विहिप के फायर ब्रांड नेता डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के आरोपों से सम्बन्धित सवालों का जवाब देते हुए कहा कि संगठन में सिर्फ पदाधिकारी बदले हैं न कि नीति। 
इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार के अलावा संगठन महामंत्री विनायक राव देशपाण्डे, अन्तरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय, प्रबंध समिति सदस्य दिनेश चन्द्र, केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज व पुरुषोत्तम नारायण सिंह मौजूद रहे।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.