RGA न्यूज़ उत्तराखंड अल्मोड़ा
अल्मोड़ा : सावन मास के आखिरी सोमवार को शिवमंदिरों में लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर...
अल्मोड़ा : सावन मास के आखिरी सोमवार को शिवमंदिरों में लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि के साथ ही निरोगी काया की कामना की। दिन भर शिव मंदिरों में बम-बम भोले व हर-हर महादेव की गूंज रही। जागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिव की पूजा अर्चना की। साथ ही मनोकामनाओं की प्राप्ति के लिए पार्थिव पूजा भी की।
सोमवार को शिव मंदिरों में ब्रह्ममुहूर्त से ही पूजा-अर्चना का क्रम आरंभ हुआ जो देर सायं तक चलता रहा। इस साल के सावन का आखिरी सोमवार होने तथा अवकाश होने के चलते शिवालयों में काफी भीड़ उमड़ी। पं. हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि शिव महापुराण में उल्लेख किया गया है कि भगवान शिव को जलधारा व बिल्व पत्र अत्यधिक प्रसन्न है। यह दोनों पदार्थ श्रद्धाभाव से चढ़ाने से भगवान शंकर प्रसन्न होते हैं, और भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। नगर स्थित बद्रेश्वर, नर्मदेश्वर, पार्वतीश्वर, बालेश्वर, उद्योतेश्वर, पातालदेवी, एनटीडी शिवालय, कमलेश्वर, बेतालेश्वर, देवस्थल आदि शिवमंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर सुख व निरोगी काया की कामना की।
देवस्थल में शिव महापुराण कथा से माहौल भक्तिमय
अल्मोड़ा : नगर के समीपवर्ती देवस्थल शिव मंदिर में शिव महापुराण कथा जारी है। कथा व्यास पं. मोहन पाठक ने इस मौके पर शिव महापुराण कथा के महात्म्य की जानकारी श्रद्धालुओं को दी। इस कथा के यजमान मोहन सिंह भोजक व पुष्कर सिंह हैं। इस मौके पर भाष्कर साह, महेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह मेहरा, दीप जोशी, मुरारी अग्रवाल, नेत्र बल्लभ खत्री, प्रवीण सिंह मेहता आदि मौजूद थे।