![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ जम्मू कश्मीर
नवरात्र महोत्सव 29 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल सत्यपाल मलिक करेंगे। महोत्सव में शोभायात्रा व अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता समेत कई आकर्षण होंगे।...
जम्मू-: नवरात्र के दौरान श्री माता वैष्णो देवी का दरबार न्यूजीलैंड, इटली और जर्मनी समेत कई देशों से मंगाए गए फूलों और फलों से सजाया जाएगा। इसे अलौकिकता देखते ही बनेगी। इतना ही नहीं, पुरानी गुफा के मुख्य द्वार को सोने का बनाने के अलावा भवन मार्ग को भव्य रूप दिया जा रहा है। नवरात्र महोत्सव 29 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल सत्यपाल मलिक करेंगे। महोत्सव में शोभायात्रा व अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता समेत कई आकर्षण होंगे।
जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर संजीव वर्मा ने शनिवार को जम्मू के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप ङ्क्षसह, पर्यटन विभाग जम्मू की निदेशक दीपिका कुमारी व रियासी की डिप्टी कमिश्नर इंदू कंवल चिब की मौजूदगी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए संजीव वर्मा ने कहा कि 29 सितंबर को कांटीनेंट पंचवटी होटल मेन रोड कटड़ा के निकट सुबह 11 बजे नवरात्र महोत्सव का आगाज होगा। राज्यपाल सत्यपाल मलिक महोत्सव का आगाज करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। नौ दिवसीय इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए श्राइन बोर्ड व रियासी के जिला प्रशासन ने पूरे प्रबंध कर लिए हैं। अगले सप्ताह के दौरान इसका प्रचार किया जाएगा। रियासी की डिप्टी कमिश्नर इंदू कंवल चिब को महोत्सव का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप ङ्क्षसह ने बताया कि इस बार भी माता के दरबार को देशी-विदेशी फलों व फूलों से सजाया जाएगा। सजावट के लिए फूल व फल न्यूजीलैंड, इटली, जर्मनी समेत कई अन्य देशों से मंगवाए जा रहे हैं।
बेखौफ होकर आए श्रद्धालु
डिवीजनल कमिश्नर ने कहा कि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हमेशा रहते हैं। नवरात्र महोत्सव इसे और अधिक पुख्ता किया गया है। इस यात्रा पर हमले की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह धार्मिक यात्रा हमेशा निशाने पर रहती है। शरारती तत्वों को अपने मंसूबों मे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
तीन लाख से अधिक श्रद्धालु आने की उम्मीद
नवरात्र महोत्सव 2017 में 3,02,067 श्रद्धालुओं ने नौ दिनों के भीतर श्री वैष्णो माता के दरबार में हाजिरी दी। 2018 में 3,18,753 श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे। डिवीजनल कमिश्नर संजीव वर्मा ने कहा कि इस बार भी नवरात्र महोत्सव में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
होटलों में 50 फीसद छूट
नवरात्र महोत्सव के दौरान जम्मू कश्मीर टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन तथा कटड़ा होटल एसोसिएशन ने श्रद्धालुओं को होटल के कमरों के किराये में 50 फीसद की छूट देने का एलान किया है। इसके अलावा टूर एंड ट्रेवल एजेंसियां भी आकर्षित छूट दे रही हैं।
इंटरनेट सुविधा रहेगी सीमित
नवरात्र महोत्सव के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कटड़ा व यात्रा मार्ग पर वाईफाई की सुविधा मुहैया कराने की संभावनाओं पर सीईओ सिमरनदीप ङ्क्षसह ने कहा कि बोर्ड या प्रशासन ऐसी कोई सुविधा देने नहीं जा रहा। डिवीजनल कमिश्नर संजीव वर्मा ने कहा कि कटड़ा के जिन सरकारी कार्यालयों व होटलों में ब्राडबैंड कनेक्शन है, वहां श्रद्धालु इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं। मोबाइल इंटरनेट कब शुरू किया जाएगा, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
नवरात्र में ये होंगे मुख्य आयोजन
शोभायात्रा : नवरात्र महोत्सव के पहले दिन 29 सितंबर को सुबह 11 बजे राज्यपाल इसका आगाज करेंगे। शोभायात्रा रोजाना शाम छह बजे कांटीनेंट पंचवटी होटल मेन रोड कटड़ा से बस स्टैंड तक जाएगी। इसमें जम्मू के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति दर्शाते कलाकारों के अलावा असम, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पश्चिम बंगाल व ओडिशा के कलाकार भी हिस्सा लेंगे।
प्रभात फेरी : इसका आगाज तीस सितंबर से रोजाना शाम साढ़े पांच बजे होगा। बस स्टैंड कटड़ा से बाणगंगा तक यह प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
माता की कहानी : नटरंग की ओर से पहले नवरात्र से अंतिम नवरात्र तक रोजाना शाम सात बजे रेलवे स्टेशन कटड़ा में इसका आयोजन होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम : केंद्र के रीजनल आउटरीच ब्यूरो की ओर से नवरात्र महोत्सव के दौरान गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा में रात आठ बजे से इनका आयोजन होगा। इस दौरान मां शेरावाली पर आधारित म्यूजिकल प्ले भी किया जाएगा।
अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता : योग आश्रम मैदान कटड़ा में पहले नवरात्र से इस प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से गायक हिस्सा लेंगे।
हास्य व्यंग प्रतियोगिता : बस स्टैंड कटड़ा में पहली व दो नवंबर को रात आठ बजे से इसका आयोजन होगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार हिस्सा लेंगे।
कवि सम्मेलन : बस स्टैंड कटड़ा में 29 व 30 सितंबर को रात आठ बजे इसका आयोजन होगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार हिस्सा लेंगे।
दंगल : श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के स्पोट््र्स स्टेडियम में दो अक्टूबर को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक इसका आयोजन होगा।
प्रथम नवरात्र से होंगे स्वर्ण द्वार के दीदार
इस बार नवरात्र महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए यादगार होगा। श्रद्धालुओं को पहले नवरात्र से ही भवन पर मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के समक्ष बनाए गए स्वर्ण द्वार के दीदार होंगे ही वहीं, विभिन्न झांकियां भी लुभाएंगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने दानदाताओं के सहयोग से रिकॉर्ड 65 दिन में स्वर्ण द्वार तैयार किया गया है। दो से तीन दिन में यह पूरा बनकर तैयार हो जाएगा। इसे नवरात्र के पहले दिन दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि, भवन के मुख्य पुजारी द्वारा एक अक्टूबर को इसकी विधिवत पूजा होगी। इसे करीब 10 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इसमें 1000 किलो तांबा 1000 किलो चांदी तथा करीब 10 किलो सोना लगाया गया है। यह करीब 25 फीट ऊंचा तथा 16 फीट चौड़ा है। इस पर विभिन्न देवी-देवताओं के चित्र अंकित हैं।
सजाने के लिए दो सौ कारीगर बुलाए गए
भवन प्रांगण पर जगह-जगह विशाल स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। यहां देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। सजावट के काम के लिए देशभर से करीब 200 कारीगर बुलाए गए हैं। एक-दो दिन में सजावट का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कमल और गुलाब के फूलों से सजेंगी पवित्र पिंडियां
नवरात्र में सुबह शाम मां वैष्णो देवी की पवित्र पिंडियों की सजावट गुलाब तथा कमल के विशेष फूलों से की जाएगी। मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा पर एक ओर सेब समेत हरा सेब, अंगूर, नाशपाती, संतरे आदि फल लगाए जाएंगे। यह सभी फल न्यूजीलैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ऑस्ट्रिया आदि से मंगवाए जा रहे हैं। वहीं स्वदेशी फूलों समेत हॉलैंड, थाइलैंड, मलेशिया, सिंगापुर आदि से भी विशेष फूल मंगाए जा रहे हैं। फल फूलों से सजावट पर करीब दो करोड़ खर्च होंगे। दो-तीन दिन में भवन की सजावट का कार्य शुरू हो जाएगा।