RGA न्यूज़ देहरादून उत्तराखंड
विदा होते मानसून ने प्रदेश के कई जिलों में दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे बंद होने से यात्री परेशान हैं।...
देहरादून:- उत्तराखंड में विदाई की बेला में मानसून के तेवर तल्ख बने हुए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक शनिवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शाम करीब पांच बजे बदरीनाथ के निकट लामबगड़ में मलबा आने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। लगभग चार हजार यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर रोका गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले में धारचूला के पास कैलास-मानसरोवर यात्रा मार्ग भी बंद है। इस बीच बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड के साथ ही पिथौरागढ़ में चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई।
पहाड़ों में बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। शनिवार को केदारनाथ के साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री में चोटियों पर हुए हिमपात का क्रम रविवार को भी जारी रहा। उधर, भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में यातायात अवरुद्ध हो रहा है। शनिवार देर रात मलबा आने से बंद हाईवे पर सुबह करीब आठ बजे आवाजाही बहाल की जा सकी, लेकिन शाम को यहां पर फिर मलबा आ गया। जोशीमठ के नायाब तहलीदार बल्लूलाल ने बताया कि लामबगड़ में पहाड़ से रुक-रुक कर पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को जोशीमठ, पांडुकेश्वर और बदरीनाथ में ही रोक दिया गया है। हाईवे खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इधर, शनिवार सुबह करीब 10 बजे से शहर के अधिकतर इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दोपहर 12 बजे तक बारिश तेज होने लगी। करीब एक बजे शहर के अधिकतर इलाकों में बादलों की तेज गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश करीब तीन बजे कुछ देर के लिए थमी। लेकिन उसके बाद फिर करीब आधा घंटे तक बारिश का दौर चला। इस दौरान घंटाघर, प्रिंस चौक, बिंदालपुल, पटेलनगर, माजरा, सहारनपुर, रेलवे स्टेशन, हाथीबड़कला आदि इलाकों में सड़कों में जलभराव हुआ।
शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 27.7 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, पर्वतीय जिले रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, चंपावत, पिथौरागढ़ आदि जिले में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया आने वाले चौबीस घंटे में दून समेत प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश का अनुमान है। अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। उधर, केदारनाथ की चौराबाड़ी व बासुकी ताल में हिमपात हुआ। जिससे वहां का तापमान छह डिग्री तक पहुंच गया है।