![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश लखनऊ
प्रियंका गांधी वाड्रा महात्मा गांधी की जयंती पर बुधवार को लखनऊ में रहेंगी। वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ गांधी प्रतिमा (जीपीओ पार्क) तक गांधी संदेश यात्रा का नेतृत्व करेंगी। ...
लखनऊ:-राजनीति में सक्रिय होने के बाद से ही उत्तर प्रदेश पर फोकस करने वाली कांग्रेस की महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर बुधवार को लखनऊ में रहेंगी। वह लखनऊ में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 11 बजे से शहीद स्मारक से गांधी प्रतिमा (जीपीओ पार्क) तक गांधी संदेश यात्रा का नेतृत्व करेंगी।
गांधी संदेश यात्रा एक मौन जुलूस के रूप उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मार्च है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हक की आवाज को कुचला नहीं जा सकता। अब हम मौन विरोध करेंगे और भाजपा सरकार की लाठी हमें डरा नहीं सकती। कांग्रेसी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में गांधी जयंती के दिन लखनऊ में जनाक्रोश पदयात्रा होगी। इसमें प्रदेश भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रियंका गांधी के बुधवार को होने वाले धरना में शामिल होने की पुख्ता जानकारी मिलते ही प्रियंका की सुरक्षा में लगी एसपीजी ने कांग्रेस मुख्यालय से मार्च स्थल तक पड़ताल की। कांग्रेस की यह संदेश यात्रा चिन्मयानंद मामले में छात्रा को न्याय दिलाने के लिए है। प्रदेशभर से जुट रहे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व खुद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा करेंगी और सरकार के खिलाफ मौन पदयात्रा निकाली जाएगी
सोनभद्र और उन्नाव की तरह ही शाहजहांपुर कांड पर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पहले शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। मंगलवार को हर जिले में धरना प्रदर्शन की घोषणा की गई, लेकिन अचानक आंदोलन की रूपरेखा बदल दी गई। गांधी जयंती पर पहले से जो पदयात्रा प्रस्तावित थी, उसे जनाक्रोश यात्रा नाम दे दिया गया। अब इसकी अगुआई करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका आ रही हैं। विधानमंडल दल की उपनेता आराधना मिश्रा ने बताया कि प्रियंका बुधवार सुबह 10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट और 11.55 बजे शहीद स्मारक पहुंचेंगी। 12 बजे वह प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के साथ यहां से मौन पदयात्रा शुरू कर लगभग 1.30 बजे जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी।
सोमवार को चिन्मयानंद प्रकरण में पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने शाहजहांपुर से लकनऊ तक पैदल मार्च प्रस्तावित किया था। इस पर प्रशासन के रोक लगाने से कांग्रेसी भड़क गए थे। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी इस समय प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर माहौल बनाने में लगी हैं। सोनभद्र नरसंहार के साथ ही अब शाहजहांपुर में चिन्मयानंद के खिलाफ कांग्रेस ने जो माहौल तैयार किया है, उसी को गति देने प्रियंका गांधी ने एक बार फिर से मोर्चा संभाल लिया है। दो अक्टूबर (बुधवार) को लखनऊ में कांग्रेस का आक्रोश मार्च होगा। इस आक्रोश मार्च में कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। स्वामी चिन्मयानंद केस और सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में यह मार्च निकाला जा रहा है। सरकार के खिलाफ इस प्रदर्शन में अब प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी।
दो दिवसीय हो सकता है प्रियंका का प्रवास
पदयात्रा के बाद प्रियंका 1.40 बजे प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगी। यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा कर सकती हैं। उसके बाद का कार्यक्रम अभी तय नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लखनऊ में दो दिन का प्रवास कर सकती हैं। वह यहां या रायबरेली में रात्रि विश्राम कर गुरुवार को शाहजहांपुर जा सकती हैं।