RGA न्यूज़ झारखंड रांची
Jharkhand. लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। वे बिरसा मुंडा जेल के कैदी हैं। फिलहाल वे रांची के रिम्स में अपने गंभीर बीमारियों का इलाज कर रहे हैं।...
रांची:- रिम्स के पेईंग वार्ड में भर्ती चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद से शनिवार को राज्य सभा सांसद प्रेमचंद गुप्ता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और पटना के पूर्व मेयर अफजल इमाम ने मुलाकात की। तीनों ने लालू यादव से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम पूछा। उनकी तबीयत का हाल जाना। प्रेमचंद गुप्ता और अफजल इमाम दोपहर 12 बजे से ही पेइंग वार्ड के बाहर लालू से मिलने के लिए इंतजार कर रहे थे। करीब 3:30 बजे दोनों पेइंग वार्ड के अंदर लालू से मिलने के लिए गए।
लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने उनके स्वास्थ्य को पहले से बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि मैं निजी काम से रांची आया था तो सोचा लालू यादव से भी मिलता जाऊं। लालू प्रसाद से राजनीतिक चर्चा पर उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वे लालू प्रसाद का स्वास्थ्य जानने आए थे। झारखंड में महागठबंधन की जीत और बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। इधर, राज्यसभा के सांसद प्रेमचंद गुप्ता मीडिया से बगैर कुछ कहे अपनी गाड़ी में बैठकर चलते बने।
दरअसल आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव देर से उठे। इसके बाद लालू प्रसाद के फ्रेश होने के बाद दोनों मुलाकातियों को उनसे मिलने के लिए इजाजत दी गई। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बिहार के नेताओं का लालू यादव से मिलना-जुलना लगा हुआ है।
लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। वे बिरसा मुंडा जेल के कैदी हैं। फिलहाल वे रांची के रिम्स में अपने गंभीर बीमारियों का इलाज कर रहे हैं। लालू प्रसाद से मिलने के लिए शनिवार का दिन निर्धारित है। इस दिन अधकितम तीन लोग उनसे मिल सकते हैं। हालांकि किसी विशेष परिस्थिति में भी अन्य दिन उनसे मुलाकात की जा सकती है।