RGA न्यूज़
सीएए के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभाओं व पदयात्राओं का सिलसिला जारी है। इनमें उमड़ी समर्थकों की भीड़ के चलते विरोधियों के स्वर धीमे पड़ते दिखने लगे हैं।...
लखनऊ:- नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में रविवार को भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से सभाओं व पदयात्राओं का सिलसिला जारी रहा। इनमें उमड़ी समर्थकों की भीड़ के चलते विरोधियों के स्वर धीमे पड़ते दिखने लगे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने एक कदम आगे बढ़कर शरणार्थी सम्मेलनों के आयोजन का फैसला किया है। इसके साथ ही शरणार्थियों की मदद के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे।
रविवार को जनजागरण अभियान में वरिष्ठ नेताओं ने सीएए को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम का खत्म करने के साथ विपक्ष दलों की साजिश का राजफाश किया। अलीगढ़ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सीएए को 130 करोड़ भारतीयों की भावनाओं केअनुरूप बताया। कहा कि विपक्षी मुस्लिम समुदाय के बीच भ्रम फैला रहे हैं। अभियान सहप्रभारी प्रकाशपाल ने बताया कि रविवार को महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल व विजय बहादुर पाठक गाजियाबाद, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर शामली, रतन लाल कटारिया हापुड़, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह-हाथरस, चेतन चैहान-मुजफ्फरनगर में अभियान का नेतृत्व किया
फोटो : सम्भल के चंदौसी में रविवार को भाजपा की ओर से सीएए के समर्थन में शांति मार्च निकाला गया। भाजपाई 100 मीटर लंबा तिरंगा लेकर चल रहे थे। इस दौरान युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था।
इसी प्रकार जय प्रताप सिंह नोएडा महानगर, श्रीकान्त शर्मा व पुरुषोत्तम खंडेलवाल मथुरा, रंजना उपाध्याय-औरैया, अंजुला माहौर-कासगंज, प्रकाश पाल-हमीरपुर, कपिल देव अग्रवाल- अमरोहा, बलदेव सिंह ओलख- संभल, विजय कश्यप- बिजनौर, अनिल शर्मा बदायूं, महेश गुप्ता- कानपुर देहात, लाखन सिंह राजपूत- बांदा, गिर्राज सिंह धर्मेश-महोबा, रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी-जालौन, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय-कौशाम्बी, रमेश चंद्र कौशिक-बागपत, सुरेंद्र नागर- शाहजहांपुर व रजनीकांत माहेश्वरी ने बरेली में अभियान का नेतृत्व किया।
फोटो : मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी व श्री परमधाम सहित विभिन्न संगठनों की ओर से नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब।
रैलियों को लेकर माथा पच्ची
क्षेत्रीय स्तर पर 18 जनवरी से होने वाली रैलियों को लेकर माथा पच्ची जारी है। लखनऊ में 21 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली तय है। 20 को कानपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और 22 को मेरठ में राजनाथ सिंह की रैली प्रस्तावित है। सूत्रों का कहना है कि रैलियों को लेकर अभी तारीख व अतिथियों के नामों को फाइनल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम भी तय होने है।
फोटो : बरेली में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या लोगों का हुजूम उमड़ा। इस दौरान लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते रहे।
शरणार्थी बस्तियों में विशेष अभियान
शरणार्थियों की बस्तियों में विशेष अभियान की शुरुआत सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मेरठ जिले के हस्तिनापुर से करेंगे। स्वतंत्र देव बंगालियों की बस्ती में सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सीएए के तहत पंजीकरण कराने का मदद के लिए कार्यकर्ता शिविर भी आयोजित करेंगे। महामंत्री व अभियान प्रभारी गोविंद नारायन शुक्ला ने बताया कि 13 जनवरी को मंत्री सुरेश राणा आजमगढ़ में, अनिल राजभर बलिया में तथा कामेश्वर सिंह सिद्धार्थनगर में अभियान का नेतृत्व करेंगे