वामा सारथी भविष्‍य की चुनौतियों को पूर्ण करने की ऊर्जा प्रदान करती है : राज्यपाल आनंदी बेन पटेल

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ लखनऊ उत्तर प्रदेश

वामा सारथी उप्र पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहुंची। राज्यपाल वामा सारथी का थीम सांग भी जारी करेंगी।..

लखनऊ:- यूपी 112 मुख्यालय में पुलिस परिवार के विशेष सांस्कृति समारोह का बुधवार को आयोजन किया गया। वामा सारथी उप्र पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहुंची। उन्‍होंने कार्यक्रम में वामा सारथी का थीम सांग का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी। उन्‍होंने पुलिस परिवार को वामा सारथी गीत लिखने व गायन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह गीत वामा सारथी की परंपरा एवं सेवा भाव का है और भविष्‍य की चुनौतियों को पूर्ण करने की ऊर्जा सतत प्रदान करता रहेगा। 

राज्यपाल ने वामा सारथी का अर्थ बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी स्‍त्री और शक्ति के ऐसे स्‍वरों से हैं, जो अपने परिवार की उन्‍नति के लिए सारथी के रुप में कार्य करती है। एक सारथी का सही दिशा दिखाने और अपने कर्तव्य और धर्म को निभाने में कितना बड़ा योगदान होता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण भगवान श्री कृष्‍ण हैं और ऐसी ही भावना से यह संस्‍था कार्य कर रही है। वामा सारथी जिन क्षेत्रों में काम कर रही है, यह वही क्षेत्र हैं, जो हमारे राष्‍ट्र व राज्‍य के विकास के लिए अत्‍यन्‍त आवश्‍यक हैं। मुझे खुशी है कि पुलिस परिवारों में स्‍वच्‍छता अभियान, वृक्षारोपण अभियान, पुलिस विभाग के दिव्‍यांग बच्‍चों, पारिवारिक मतभेद काउसिंलिंग व अन्‍य का समय-समय पर आयोजन किया जा रहा है। 

यूपी DGP ने की सराहना 

वहीं, यूपी डीजीपी ओपी सिंह ने वाम सारथी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार पुलिस आवास के लिए सबसे अधिक धन मिला है। वामा सारथी के माध्यम से शिक्षा और रोजगार से महिलायें जुड़ रही हैं। 

भ्रूण हत्या को रोकने का संदेश

वामा सारथी के विमोचन के बाद नाटिका प्रस्तुत की गईं। कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित नृत्य नाटिका के साथ ही लड़के की तरह लड़की भी मुट्ठी बांध के पैदा होती है, गाने संग नाटिका का प्रारंभ हुआ। लड़के की तरह लड़की भी नाम रोशन करती है, के माध्यम से भ्रूण हत्या को रोकने का संदेश दिया। ख्वाजा मेरे ख्वाजा दिल में समा जा सहित गीतों के साथ एकता औऱ भाई चारे का संदेश दिया गया। वहीं, बच्चों ने नाटिका के माध्यम से नवरस के बारे में बताने का प्रयास किया। शीरोज हैंगआउट की लड़कियों द्वारा भी नाटिका पेश की गई। इस दौरान विशिष्ट अतिथि पदमभूषण पंडित छन्नू लाल मिश्र भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल के मेधावियों को राज्यपाल ने सम्मानित किया।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.