
RGANews
प्रेमनगर के सुर्खा बानखाना में हिस्ट्रीशीटर मुख्तार और अंकित भारती के गुटों में गैंगवार हो गया। गाली-गलौज और जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से हवाई फायरिंग की गई । बवाल बढ़ने पर एसपी सिटी, सीओ, इंस्पेक्टर प्रेमनगर पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। आरोपी मौके से फरार हो गए। 15 लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में बलवा, मारपीट जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रेमनगर के सुर्खा में रहने वाला मुखिया उर्फ मुख्तार हिस्ट्रीशीटर है। उसके बेटे रियाज की अंकित भारती से रविवार दोपहर कहासुनी हो गई। आरोप है कि रियाज और बिन्नी ने अंकित भारती को स्कूल के पास पीट दिया। इस वजह से शाम को दोनों गुटों में तनातनी बढ़ गई। अंकित भारती अपने साथी सचिन मौर्य, विनोद मौर्य, सन्नी, दीपक, रजत और आठ अन्य लोगों के साथ मुख्तार के घर जा धमका। वहीं, मुख्तार भी रियाज व बिन्नी समेत कई लोगों के साथ अंकित भारती के घर जा धमका। दोनों गुट अलग-अलग रास्तों से एक-दूसरे के घर पहुंचे थे। मुख्तार का आरोप है कि अंकित भारती ने महिलाओं से गाली गलौज, मारपीट और फायरिंग की। मुखिया के बेटे ने घटना की तहरीर प्रेमनगर थाने में दी। इंस्पेक्टर प्रेमनगर ने बताया कि अंकित भारती, सचिन, विनोद, सनी, दीपक और रजत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
रमजान में आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत
रमजान में सुर्खा बानखाना इलाके में आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। शहर भर में फोन घनघनाने लगे। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से पुलिस वालों के भी हाथ-पांव फूल गए। कुछ ही देर में तमाम अधिकारी वहां पहुंचे।
पहले भी बवाल कर चुका है अंकित भारती
छह माह पहले भी अंकित भारती ने बवाल किया था। तब सड़क पर डिवाइडर बनाने को लेकर फायरिंग और मारपीट हुई थी। इसमें दोनों ओर से मुकदमे दर्ज किए गए थे। हालांकि, पिछली बार उसके साथ हिस्ट्रीशीटर मुख्तार का बेटा बिन्नी भी था। अंकित भारती एक भाजपा नेता से जुड़ा हुआ है।
हिस्ट्रीशीटर के साथियों ने भी किया बवाल
अंकित भारती गुट के लोगों का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर मुख्तार अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ उनके घरों पर आ धमके। उन्होंने वहां जमकर गाली गलौज की। महिलाओं के साथ अभद्रता की। इसके अलावा जान से मारने की नीयत से कई फायर भी किए।