![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/25_06_2020-jp_nadda_20435459_175832312.jpg)
RGA न्यूज़ ब्यूरो चीफ मध्यप्रदेश भोपाल प्रशांत कुमार सोनी
भोपाल:- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश की जनसंवाद (वर्चुअल) रैली में कांग्रेस पर खुलकर हमले किए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन की संस्थाओं से तीन लाख अमेरिकी डॉलर ( 2,26,68,645 रुपये) की मदद दी गई। देश जानना चाहता है कि चीन ने फाउंडेशन को इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से दी। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया की तारीफ भी की। नड्डा बोले कि सिंधिया ने सही निर्णय लेकर बड़ा जिगरा दिखाया है। नड्डा ने मप्र से जुड़े विकास के आंकड़े भी दिए।
नेहरू परिवार पर किए जमकर हमले
आपातकाल की बरसी पर भाजपा अध्यक्ष ने नेहरू परिवार पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि जिसे जनता ने नकार दिया, वह शाही राजवंश संपूर्ण विपक्ष नहीं हो सकता। इस परिवार की गलती के कारण ही देश की 43 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन हाथ से चली गई। 2005-06 में राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर चीन से पैसे लेकर ये लोग देश के विरूद्ध स्टडी कराते हैं और देश को गुमराह कर रहे हैं। फाउंडेशन की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, सदस्य राहुल गांधी, मनमोहन सिंह और पी. चिदंबरम हैं।
हाथी के दांत दिखाने और खाने के अलग हैं। डोकलाम विवाद के समय राहुल गांधी गुपचुप चीन के राजदूत से मिल रहे थे। कांग्रेस ने हमेशा गैर जिम्मेदारी का परिचय दिया। गलवन घाटी के मामले में राजनीति की, कारगिल युद्ध, कोरोना और लॉकडाउन पर भी सवाल उठाए। इसके विपरीत संघ और भाजपा ने चीन से युद्ध अथवा अन्य मौकों पर राष्ट्रहित का पक्ष लिया है।
मोदी के निर्णय ने देश को बचा लिया
नड्डा ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राममंदिर निर्णय, तीन तलाक, धारा 370, सीएए, जनधन व उज्ज्वला योजना का जिक्र किया और मप्र में विकास के आंकड़े भी बताए। यह भी कहा कि 2014 के पहले प्रशासन चरमरा गया था। प्रधानमंत्री का दफ्तर कहां से चलता है पता नहीं था। पिछले छह वर्षो में मोदीजी ने देश की नई पहचान बनाई। कोरोना के मामले में उन्होंने सही समय पर बोल्ड निर्णय लेकर देश की जनता को बचा लिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित कई देशों ने मोदी की तारीफ की और अनुसरण भी किया
चंदेरी, महेश्वरी साड़ी और मेटल उद्योग का जिक्र
भाजपाध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भर अभियान भारत की दिशा और दशा को बदलने का काम करेगा। मप्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खेती-किसानी की तस्वीर बदल देंगे। कोरोना संकट में उन्होंने बढिया काम किया। वोकल फॉर लोकल को ग्लोबल बना दें। उन्होंने चंदेरी, महेश्वरी साड़ी, बाघ प्रिंट, विदिशा का दरी उद्योग और टीकमगढ़ के मेटल उद्योग का जिक्र भी किया।
सिंधिया से किए वादे पूरे करेंगे: नड्डा
सिंधिया की तारीफ करते हुए नड्डा बोले कि भाजपा में आकर उन्होंने पार्टी को मजबूती दी है। वह सच्चाई के साथ खड़े रहे, बड़ा जिगरा दिखाया। जिन बातों को लेकर वह आए हैं उन सभी वादों को हम पूरे करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिंधिया ने सही समय पर सही निर्णय लेकर मप्र को बर्बाद होने से बचा लिया।
कांग्रेस सरकार रहती तो मप्र बर्बाद हो जाता : शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की हत्यारी है, सत्ता बचाने इंदिराजी ने आपातकाल लगा दिया। मुझे भी डंडे पड़े थे, आज भी वे याद दिलाते हैं। कमलनाथ सरकार ने वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। प्रदेश में उनकी सरकार रहती तो मप्र बर्बाद हो जाता। एक सीएम सामने था एक पीछे से काम कर रहा था। जब कोरोना दस्तक दे रहा था, तब मुख्यमंत्री इंदौर में सलमान और जैकलीन के साथ बैठक में व्यस्त थे।
मोदी सबसे प्रभावशाली पीएम: शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त शासन और सक्षम नेतृत्व दिया। राहुल गांधी सरेंडर प्रधानमंत्री कहते हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व ने ऐसा किया था। दुनिया में सबसे प्रभावशाली पीएम मोदी हैं। उन्होंने भारत का मान-सम्मान बढ़ाया।
दिल्ली में सिंधिया, तोमर मंच पर थे
वर्चुअल रैली से करीब 60 लाख लोग जुड़े हैं। रैली को भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। दिल्ली के मंच पर केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत व नरेंद्र सिंह तोमर के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे।