![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/24_08_2020-cm_yogi_adityanath_2_20664900.jpg)
RGA न्यूज़ लखनऊ उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीय विभाग ने इसके लिए एकीकृत वेब पोर्टल बनाया है जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को किया। ...
लखनऊ:- कई पीढ़ियों से दूसरे देशों में जा बसे उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को अपनी धरती से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने एक माध्यम तैयार किया है। उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीय विभाग ने इसके लिए एकीकृत वेब पोर्टल बनाया है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ने किया। सीएम योगी ने उम्मीद जताई कि यह पोर्टल प्रवासी भारतीयों से सतत संवाद का माध्यम बनेगा और उनकी समस्याओं के समाधान में भी मददगार होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इस बाबत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रवासी भारतीय विभाग का वेब पोर्टल युवाओं व कामगारों को रोजगार दिलाने और प्रवासी भारतीयों को उनकी जड़ों से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में भी मददगार होगा। यह 'इन्वेस्ट यूपी' के तहत पूंजी निवेश को बढ़ाने, प्रवासी भारतीयों की क्षमता, योग्यता व ताकत के अनुसार प्रदेश के विकास में उनके भागीदार बनने और उनके साथ आत्मिक संवाद करने का मंच बनेगा। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को देश व प्रदेश का ब्रांड एम्बेस्डर ठहराते हुए कहा कि उनमें बड़ी संख्या में लोग यहां निवेश के इच्छुक हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेश में रोजगार के लिए जाने वाले कामगारों में सर्वाधिक भागीदारी उत्तर प्रदेश की है। इन कामगारों-प्रवासी भारतीयों की विभिन्न समस्याएं-भूमि विवाद, पैतृक निवास स्थान पर परिजनों का उत्पीड़न, संकटकाल में फंसे प्रवासी भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी, विदेश में रोजगार नियोक्ता द्वारा शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न आदि रहती हैं। नवनिर्मित वेब पोर्टल इस प्रकार की ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों व समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने में सहायक सिद्ध होगा।
विभागीय मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि पहले प्रवासी भारतीयों का कोई डेटाबेस नहीं था, लेकिन अब इस वेब पोर्टल के माध्यम से प्रदेश में निवेश के कार्यक्रमों और नीतियों की जानकारी विदेशों में बसे प्रवासी भारतीयों को हो सकेगी। वेब पोर्टल को उद्योग बंधु, एमएसएमई, पर्यटन, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग, गृह, राजस्व, औद्योगिक विकास, कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा सूचना विभाग के पोर्टल से लिंक किया गया है, जिससे इन विभागों की नीतियों व शासनादेशों से प्रवासी भारतीय लाभान्वित हो सकेंगे।
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि इस पोर्टल में एनआरआइ कनेक्ट का एक लिंक भी है, जिसमें निवेश से जुड़े विभिन्न विभाग शामिल रहेंगे। कार्यक्रम को अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, एनआरआइ विभाग आलोक कुमार ने भी संबोधित किया। पोर्टल की विशेषताओं पर एक वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना और मुख्य सचिव आरके तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।