हांगकांग में चुनाव टालने पर जोरदार प्रदर्शन, नारेबाजी, मांगे वोटिंग के अध‍िकार, 289 लोग गिरफ्तार

Praveen Upadhayay's picture

RGA:- न्यूज़

विधायी चुनाव टाले जाने के विरोध में हांगकांग की सड़कों पर हंगामा बरपा है। हांग कांग पुलिस ने रविवार को प्रदर्शन कर रहे 289 लोगों को गिरफ्तार किया। ...

हांगकांग:-विधायी चुनाव टाले जाने के विरोध में हांगकांग की सड़कों पर हो-हल्ला मचा हुआ है। रविवार को ऐसे ही प्रदर्शनों के दौरान 289 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह चुनाव छह सितंबर को होना था लेकिन मुख्य कार्यकारी कैरी लाम ने 31 जुलाई को ही एक साल के लिए चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी थी। लाम ने इसके लिए कोरोना फैलने का बहाना बनाया, लेकिन आलोचकों का कहना है कि सच कुछ और है।

दरअसल, सरकार को डर था कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुआ तो विरोधी सीटें जीत सकते हैं। पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट के मुताबिक ज्यादातर लोगों की गिरफ्तारी गैरकानूनी रूप से सभा आयोजित करने के आरोप में हुई है। पुलिस ने एक महिला को भी गिरफ्तार किया है, जो आजादी के नारे लगा रही थी। नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत यह अपराध है। प्रदर्शन के दौरान एक बैनर पर लिखा था, 'मैं वोट डालने का अपना अधिकार चाहता हूं।'

जून 2019 से ही लगभग हर सप्ताहांत में सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग नए प्रत्यर्पण कानून को लेकर भड़के हुए हैं। वे संपूर्ण लोकतंत्र की मांग और हांगकांग पर चीन के सख्त नियंत्रण का विरोध कर रहे हैं। बीते दिनों हांगकांग में चीन के विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मीडिया दिग्गज जिमी लाई को गिरफ्तार किया गया था। बाद में जेल से रिहा होने पर उन्होंने कहा था कि चीन को बदले बिना दुनिया में शांति नहीं आ सकती है।

जिमी लाई ने कहा था कि अब यह सरकार दमन पर उतर आई है, गिरफ्तारी उसका पहला कदम है, इसलिए सावधान रहकर आगे बढ़ने की जरूरत है। हांगकांग की आजादी के लिए हमें लंबी लड़ाई लड़नी है। लाई ने कहा था कि वह सोए नहीं बल्कि सोचते रहे कि किस तरह से आंदोलन को मजबूत किया जा सकता है। लाई हांगकांग में लोकतंत्र की स्थापना के पक्ष की मजबूत आवाज हैं। पूर्व के आंदोलनों का उन्होंने खुलकर समर्थन किया था। 

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.