रविवार को नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश और दिल्ली-राजस्थान में धूल भरी आंधी की संभावना

Raj Bahadur's picture

RGANews

 

 उत्तर पूर्वी राज्यों और महाराष्ट्र में कल भारी बारिश, राजस्थान में धूल भरी आंधी की आशंका जतायी है।

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र  में धूल भरी आंधी आने के एक दिन बाद शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री नीचे है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस था जो कि मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। आद्रता 38 से 60 प्रतिशत के बीच रही। 

साथ ही अधिकारी ने बताया कि रविवार का पूर्वानुमान है कि दिन में आसमान साफ रहेगा लेकिन शाम में गरज चमक के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव और गाजियाबाद में शुक्रवार रात धूल भरी आंधी आई थी जिससे अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस हो गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर पूर्वी राज्यों और महाराष्ट्र में रविवार को भारी बारिश और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की आशंका जतायी है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर और मध्य भारत में रविवार को मौसम के गर्म रहने और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में शुष्क रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जतायी है। 
    
उसने कहा है, 'राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।' विभाग की ओर से कहा गया है, 'उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में गरज के साथ छींटे पड़ने और धूल भरी हवा चलने एवं बिजली चमकने के आसार हैं।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.