![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/18_10_2020-radhamohan_20901730.jpg)
RGAन्यूज़
पूर्वी चंपारण:- पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि आजादी के वर्षों बाद भी जब आधी आबादी चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान आंसू को पोंछने को विवश थी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी चिंता की। आज हर घर में गैस सिलेंडर पर खाना बन रहा है।
वे शनिवार को मलाही और फुलवरिया में एनडीए की चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में सभी वर्ग के लोगों का विकास हुआ। नरेंद्र मोदी का सपना है कि सभी राज्यों में ऐसी सरकार हो जो गरीबों के कल्याण का काम करे। अब हमारी सेना और सीमा मजबूत है। हमारी सेना चीन के सामने सीना तान कर खड़ी है। चीन भी समझ रहा है कि यह 1962 वाला नहीं, नरेंद्र मोदी वाला भारत है।
खुद राहुल गांधी ने माना था कि कांग्रेस शासनकाल में सौ रुपये भेजने पर 15 रुपये ही लाभुक तक पहुंचते थे। मगर नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद गरीबों के लिए भेजे गए सौ के सौ रुपये खाते में पहुंच रहे हैं। जिनके पास खाता नहीं था, उन्हें भी जनधन के माध्यम से खाता खोलवा कर पैसा भेजा गया। नरेंद्र मोदी ने सड़कों का जाल बिछाया। महागठबंधन ने सहयोगियों को ठगा। लेकिन, भाजपा ने सहयोगियों को सम्मान दिया।
विपक्ष कहीं दिखाई नहीं दे रहा : संजय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने छह वर्षों में जो काम किया है, उसमें पहली बार नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करने का मौका मिला है। गैस का प्लांट हरसिद्धि में बन गया है। बेतिया में 800 बेड का अस्पताल बना। पहले कोई रात में घर से बाहर नहीं निकलता था। मलाही में पहले मुर्गा बकरी भी उठाकर बदमाश ले जाते थे। अब लोग चैन से जी रहे हैं। राजद ने हमेशा धोखा देने का काम किया है। आज पूरा देश कोविड 19 से परेशान है। इसमें लाखों लोगों की जान चली गई है। इससे सतर्क रहने की जरूरत है। भाजपा, जदयू, हम व वीआइपी का गठबंधन अटूट है। विपक्ष कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। सभा में सूबे के मंत्री प्रमोद कुमार, विधान पार्षद बबलू गुप्ता, यूपी के विधायक राजेश त्रिपाठी आदि थे।