

मेरठ में पुलिस की बेरिकेडिंग हटा धक्का मुक्की करते हुए राकेश टिकैत पहुंचे सिवाया टोल प्लाजा
RGA न्यूज़ मेरठ संवाददाता
मेरठ:- कृषि कानून व हरियाणा-पंजाब के किसानों पर दिल्ली कूच के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शुक्रवार को मेरठ व मुजफ्फरनगर समेत आसपास के जिलों के राजमार्गों पर जाम लगाकर धरना दिया। इस दौरान आने-जाने लोगों को खूब परेशानी हुई। आम लोगों के साथ ही बरात के वाहन भी जाम में फंस गए। दोपहर दो बजे मुजफ्फरनगर में भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दिल्ली कूच का ऐलान कर दिया। मुजफ्फरनगर बार्डर पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए आगे बढ़ गए। मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा पर रात्रि विश्राम के बाद किसान शनिवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे। सुबह 11 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर दो से तीन बजे के बीच में खत्म कर दिया गया।