RGANews
शाम होते ही लोगों की निगाहें आसमान पर टिक गईं। हर कोई ईद का चांद देखने का ख्वाहिशमंद था। आसमान में छाई धुंध के बावजूद इस बार चांद ने लोगों को ज्यादा इंतजार नहीं कराया और अपनी झलक दिखा दी। चांद देखकर लोगों ने दुआएं मांगी और एक दूसरे को मुबारकबाद पेशकर गले मिले।
चांद की आम रुयत (आम तौर पर दिखना) से इस बार लोगों को परेशानी नहीं हुई। शहर के लगभग हर कोने से चांद साफ तौर पर दिखाई दिया। यही नहीं लगभग पूरे देश में चांद देखे जाने की जानकारी मिली है। अलबत्ता, कानपुर, इलाहाबाद और मुरादाबाद जिले के कुछ इलाकों में चांद न दिखाई देने से लोगों में बेचैनी रही। इसके लिए उन्होंने दरगाह आला हजरत स्थित मरकजी दारुल इफ्ता में फोन किया तो उन्हें बताया गया कि चांद की आम रुयत हुई है। इसके बाद सभी जगह चांद दिखने की चर्चा आम हो गई।
उधर, चांद देखने के बाद लोग एक दूसरे को मुबारकबाद देने में मशगूल हो गए। इसके साथ ही यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा। फोन और सोशल मीडिया पर भी खूब मुबारकबादियां दी जाने लगीं। इससे पहले लोग शहर शहर में जगह जगह टोलियां बनाकर चांद देखते नजर आए। खानकाहों और दरगाहों पर भी चांद देखने के लिए लोग एकत्र हुए।
शहर काजी बोले, आज मनाएं ईद
कुछ जगहों पर चांद न दिखने के सिलसिले में मरकजी दारुल इफ्ता की ओर से शहर काजी मुफ्ती असजद रजा खां कादरी ने भी बयान जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि चांद हो गया है और लोग शनिवार को ईद मनाएं। यह जानकारी उनके प्रतिनिधि खलील कादरी ने दी है।