![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/31_05_2021-body_on_yamuna_expressway_21693842.jpg)
RGA news
यमुुुुना एक्सप्रेस वे पर झरना नाले के पास मिला युवती का शव।
अभी तक घटनाओं का पर्दाफाश तो दूर शिनाख्त तक नहीं कर पाई पुलिस। यमुना एक्सप्रेस के नीचे दूसरी युवती का शव मिलने से मिल रहे गलत संकेत। इससे पहले सिकंदरा के अंसल कोर्टयार्ड पर मिला था युवती का शव। उसकी भी नहीं हो पाई अब तक शिनाख्त
आगरा। खंदौली, सिकंदरा और उसके बाद एत्मादपुर में युवती की हत्या कर शव फेंक दिया गया। युवती कहीं बाहर की प्रतीत हो रही है। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। तीनों घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
एत्मादपुर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के नीचे झरना नाले में रविवार दोपहर युवती का शव पड़ा मिला था। युवती की उम्र 25 वर्ष के करीब प्रतीत हो रही थी। वह जींस और टॉप पहने थी। उसके पास ऐसा कुछ सामान नहीं मिला, जिससे शिनाख्त हो सके। अभी पुलिस इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास कर रही है। युवती के गले पर फंदे से निशान हैं। आशंका है कि उसकी हत्या कर शव यमुना एक्सप्रेस से नीचे झरना नाले में फेंका गया है। इससे पहले छह फरवरी को यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास 25 वर्षीय एक युवती का जला हुआ शव मिला था। कमर से ऊपर का हिस्सा पूरी तरह जल गया था। हत्या के बाद शव को जलाया गया था। ताकि पहचान नहीं हो सके। तमाम प्रयास के बावजूद साढ़े तीन माह बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात में शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। 27 मई को सिकंदरा में अंसल कोटियार्ड के पास खाली प्लाट में एक युवती का जला हुआ शव मिला था। शव अधजला था। हुलिया के आधार पर पुलिस ने युवती का स्कैच बनवाकर जारी किया। आसपास के जिलों में इसके आधार पर उसके बारे में पता किया जा रहा है। मगर, अभी तक कोई जानकारी नहीं हुई।
एक्सप्रेसवे की सुरक्षा पर उठे सवाल
एक्सप्रेस वे और हाईवे पर पेट्रोलिंग होती है। पुलिस अधिकारी रात में चेक करने भी निकलते हैं। इसके बाद चुस्त पुलिसिंग का दावा किया जाता है। इसके बाद भी एक के बाद एक युवतियों के शव आगरा में ठिकाने लगाए जा रहे हैं। हाईटेक पुलिस अभी तक एक भी हत्याकांड का खुलासा तो दूर की बात शव की पहचान तक नहीं करा पाई है। महिला अपराध के प्रति अधिकारी गंभीर हैं, तब यह जिले में महिला अपराध का यह हाल है।