RGA news
कोरोना से लड़ाई में उद्योगों के हिस्से की आक्सीजन भी मरीजों के लिए दी गई। अब कोरोना का प्रभाव कम हो रहा है तो अस्पतालों में आक्सीजन की मांग भी कम हो रही है। बिना आक्सीजन बड़ी संख्या में उद्योग भी एक महीने से बंद हैं
मेरठ,कोरोना से लड़ाई में उद्योगों के हिस्से की आक्सीजन भी मरीजों के लिए दी गई। अब कोरोना का प्रभाव कम हो रहा है तो अस्पतालों में आक्सीजन की मांग भी कम हो रही है। बिना आक्सीजन बड़ी संख्या में उद्योग भी एक महीने से बंद हैं। अब वे आक्सीजन की मांग कर रहे हैं जिस पर प्रदेश सरकार ने निर्देश जारी कर दिया है। केंद्र सरकार ने भी उद्योगों के लिए आक्सीजन का कोटा जारी कर दिया है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने उद्योगों को आक्सीजन उपलब्ध कराने की तैयारी कर ली है। प्रशासन का दावा है कि उद्योगों के लिए पर्याप्त आक्सीजन है। केवल उन्हें अपनी मांग आक्सीजन प्लांट पर दर्ज करानी है। वहां से वाट्सएप पर जिला प्रशासन से अनुमति प्राप्त करके उद्योग को आक्सीजन उपलब्ध करा दी जाएगी।
उद्योगों के लिए आवंटित की गई है 30 फीसद आक्सीजन: केंद्र सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रलय द्वारा देश के सभी आक्सीजन उत्पादन करने वाले प्लांट में बन रही आक्सीजन का 30 फीसद भाग उद्योगों के लिए आरक्षित कर दिया है। शासन ने अस्पतालों की मांग के मुताबिक 72 घंटे का आक्सीजन का रिजर्व सुनिश्चित करते हुए बाकी आक्सीजन उद्योगों को देने का निर्देश दिया है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने मंडल के सभी जनपदों को उद्योगों को आक्सीजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उपायुक्त उद्योग वीके कौशल के मुताबिक जिले में लगभग 100 यूनिट को आक्सीजन की जरूरत होती है। इन सभी की अधिकतम मांग सात मीटिक टन है। उद्योग संचालक आक्सीजन की मांग आक्सीजन प्लांट पर दर्ज कराएंगे। संबंधित मजिस्ट्रेट व्यवस्था करेंगे।
उद्योगों में होती है आक्सीजन की जरूरत
- लगातार प्रक्रिया वाले उद्योग जैसे फर्नेस, रिफाइनरी, स्टील, एल्युमीनियम, कापर प्रोसेसिंग प्लांट।
- सभी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और प्लांट।
- एमएसएमई उद्योग
- एक्सपोर्ट यूनिट
- फूड प्रोसेसिंग यूनिट
अस्पतालों में कितने सिलेंडर बनवा रहे सूची: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी के बालाजी ने बताया कि उद्योगों को आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए तैयारी कर ली गई है। अस्पतालों में उपलब्ध आक्सीजन सिलेंडरों की सूची भी तैयार कराई जा रही है। आने वाले दिनों में मरीजों के लिए भी आक्सीजन और सिलेंडर की कमी नहीं होगी।