RGA न्यूज़
पुलिस ने शुक्रवार को विधायक पर हमले में शामिल प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे।
विधायक बबली व किसानों के बीच जारी विवाद के चलते फतेहाबाद में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। आज टिकैत के नेतृत्व में किसान टोहाना थाने का घेराव करेंगे। प्रशासन ने रैपिड एक्शन फोर्स की दो कंपनियां तैनात की हैं। पुलिस को कानून व्यवस्था बनाने के लिए सतर्क किया है।
फतेहाबाद जजपा से टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली व किसानों के बीच जारी विवाद के चलते पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 5 जून से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के तहत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। प्रशासन ने रैपिड एक्शन फोर्स की दो कंपनियां बुलवाई हैं। वहीं हरियाणा पुलिस के जवान भी लघु सचिवालय, किसान विश्राम गृह, सदर पुलिस थाने सहित विभिन्न स्थानों पर डटे हुए हैं। इधर, राकेश टिकैत के नेतृत्व में शनिवार को टोहाना थाने का घेराव किया जाएगा।
प्रशासन को डर सता रहा है कि कहीं विधायक व किसान मोर्चा के बीच चल रहा टकराव कोई नया मोड़ ना ले, इसके लिए जहां पुलिस प्रशासन किसानों की प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखे हुए है, वहीं गुप्तचर पुलिस भी किसानों द्वारा बनाई जा रही रूपरेखा को अपने उच्च अधिकारियों तक पहुंचा रहा है।
1 जून को विधायक पर हुआ था जानलेवा हमला
उल्लेखनीय है कि विधायक देवेंद्र बबली व किसानों के बीच 1 जून को नागरिक अस्पताल में नई आई एक्सरे मशीन का उद्घाटन करने को लेकर विवाद हुआ था। विरोध व विधायक की कार का शीशा तोड़ने और उसमें उनके निजी सचिव राधे बिश्रोई के घायल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था। किसानों ने विधायक द्वारा किसानों को गाली देने का आरोप लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। वहीं 2 जून को किसानों द्वारा शहर में रोष जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया गया था।
किसानों ने तीन दिन का दिया था समय
प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा हुआ है। जबकि किसान विधायक की ओर से माफी मांगने या उनकेरुद्ध मामला दर्ज करने की जिद पर अड़े हैं। किसान नेताओं व स्थानीय कमेटी की उपस्थिति में मामले को निपटाने का तीन दिन का समय प्रशासन द्वारा तय किया गया था। जबकि युवा वर्ग ने उक्त निर्णय को अस्वीकार करते हुए विधायक देवेंद्र बबली का घेराव करने के लिए उनके गांव बिढाईखेड़ा की ओर कूच किया। जबकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए उन्हें गांव के नहर पुल के पास ही रोक लिया और 27 युवाओं ने अपनी गिरफ़्तारियां दी।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने की छापेमारी
इधर शुक्रवार को पुलिस ने विधायक के निजि सचिव राधे बिश्रोई व कार चालक सुनील कुमार द्वारा दी गई शिकायत के संदर्भ में आरोपितों के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने गांव फतेहपुरी से एक युवक मक्खन सिंह को अपनी हिरासत में लिया। वहीं गांव हैदरवाला व टोहाना में भी पुलिस ने दर्ज मामले में आरेापितों की तलाश में छापेमारी की। गांव फतेहपुरी में एक युवा किसान की गिरफ्तारी के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य भी हिसार रोड स्थित पक्के मोर्चे पर सक्रिय हो गये। वहीं प्रशासन की ओर से एसडीएम गौरव अंतिल व डीएसपी बिरम सिंह हिसार रोड स्थित मोर्चे पर पंहुचे। वहीं उन्होंने किसानों से बातचीत की। किसानों ने अपने साथियों की गिरफ्तारियों को लेकर नाराजगी जताई, वहीं किसानों ने कहा कि जब प्रशासन से हुई बातचीत में तीन दिन का समय दिया गया था, तब पुलिस क्यों उनके सदस्यों को गिरफ्तार कर रही है। डीएसपी बिरम सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक का अधिकार है, लेकिन अराजकता फैलाने तथा कानून की उल्लंघना करने वालों पर सख्ती से उठाया जाएगा कदम।
राकेश टिकैत के नेतृत्व में आज होगा टोहाना थाने का घेराव
संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रीय किसान मोर्चा की शुक्रवार को हुई बैठक के बाद 5 जून को टोहाना में विधायक के निवास व कार्यालय के बाहर तीन कृषि कानूनों की प्रतियां जलाने का कार्यक्रम रद कर दिया है। अब टोहाना थाने का घेराव कर ज्यादा से ज्यादा गिरफ्तारियां देने का निर्णय लिया है। संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक जगतार सिंह ने बताया कि 5 जून को संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, भारतीय किसान यूनियन घासी राम नैन गु़ट के प्रदेशाध्यक्ष जोगेंद्र घासीराम नैन, हरियाणा किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष फूल सिंह श्योकंद, हरियाणा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मंदीप सिंह सहित हरियाणा के तमाम किसान नेता टोहाना में आकर विधायक देवेंद्र सिंह बबली व किसानों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा एकतरफा कार्रवाई कर किसानों को परेशान करने तथा उन्हें प्रताडि़त करने के विरोध में थाने का घेराव कर अपनी-अपनी गिरफ्तारियां देंगी।