लखनऊ में अवैध निर्माण की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत छह घायल

harshita's picture

RGA news

एक महिला ने एक पुलिस कर्मी के हाथ में दांत से काट लिया।

लखनऊ में ठाकुरगंज क्षेत्र में विवादित मकान में निर्माण की सूचना पर काम बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दारोगा और महिला सिपाही समेत छह लोग घायल हुए। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है

लखनऊ, ठाकुरगंज क्षेत्र में कोनेश्वर तिराहे के पास विवादित मकान में निर्माण की सूचना पर काम बंद कराने पहुंची पुलिस पर एक पक्ष से शिवकुमार मिश्रा और उसके परिवारीजनों ने हमला बोल दिया। हमले के दौरान शिवकुमार और उनके घर की महिलाओं ने पुलिस कर्मियों पर पथराव किया तो कुछ ने दांत से अंगुली चबा डाली। हमले में दारोगा हिमांचल सिंह और महिला सिपाही समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

इंस्पेक्टर ठाकुरगंज सुनील दुबे के मुताबिक कोनेश्वर तिराहे के पास एक मकान को लेकर शिव कुमार मिश्रा और दूसरे पक्ष से भोला कुंआ निवासी मो. फारुक का विवाद चल रहा है। विवादित स्थान पर शिवकुमार मिश्रा अपना हक जताते हैं। एलडीए ने मकान में निर्माण कार्य न कराने के आदेश दे रखे हैं। वहीं, कोर्ट से भी स्टे है। इसके बाद भी शनिवार को शिवकुमार मिश्रा निर्माणकार्य करा रहे थे। दोपहर बाद मिली सूचना पर दारोगा हिमांचल सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणकार्य रोकने के लिए कहा। इस पर शिवकुमार मिश्रा और उनके परिवारीजन भड़क गए। पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। विरोध पर पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस बीच एक महिला ने एक पुलिस कर्मी के हाथ में दांत से काट लिया।

हमले में दोरागा हिमांचल, महिला सिपाही लवी, टिंकी सागर, लता सिंह, सिपाही अमित कुमार, शिवम कुमार घायल हो गए। बवाल बढ़ता देख दारोगा ने थाने फोन किया। मौके पर भारी पुलिस बल भेजा गया। पुलिस ने मौके से भाग रहे हमलावरों में शिवकुमार मिश्रा उनकी पत्नी सरला मिश्रा, बेटे ज्ञान मिश्रा, बेटी अनुराधा और प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया। हमलावरों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल भेजा गया है। 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.