गर्मी से जनजीवन बेहाल, राहगीर परेशान

harshita's picture

RGA न्यूज़

मथुरा:- सूर्य की तीखी किरणें बर्दाश्त से बाहर हो गई हैं। दिन में यात्रा करना अब मुश्किल हो गया है। गर्मी से जनजीवन बेहाल है। सोमवार को कृषि संभागीय परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र राया के तापमापी पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम में परिवर्तन की बयार चल रही है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी सूरज की तीखी किरणों की चुभन बर्दाश्त से बाहर हो रही हैं। सूर्य के आसमां में चढ़ने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। गर्म हवाएं भी चलने लगी है। दोपहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेल धूप से लोग बेचैन हो गए। दो दिन बाद सोमवार को बाजार खुले, लेकिन दोपहर में सन्नाटा छा गया। सड़कें वीरान नजर आने लगी। दुकानदार भी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। दोपहर बाद बादल छा गए, लेकिन सूर्य की तपिश में कोई कमी नहीं आई। ई-रिक्शा और आटो चालक छायादार स्थानों पर खड़े होकर सवारियों का इंतजार करते हुए देखे हुए। दो पहिया वाहनों पर यात्रा करना भी मुश्किल हो गया। तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से बदन झुलसने लगा। लोग धूप से बचने के लिए गमछा सिर पर ओढ़े हुए दिखाई दिए। कूलर और पंखा में भी राहत नहीं मिल पा रही थी। गर्मी से हलक सूखने लगा है। बाजार में शीतल पेय की मांग बढ़ गई है। सरकारी कार्यालयों में फरियाद लेकर पहुंचने वाले फरियादी कम पहुंच रहे हैं। इसके पीछे मुख्य कारण गर्मी को ही माना जा रहा है। लोग बहुत ही आवश्यक कार्यों से घर से बाहर निकल रहे हैं। सड़कों पर दिन भर घूमने वाले बेसहारा पशु गर्मी से हांफने हुए देखे गए। वे भी छायादार स्थानों पर खड़े होकर खुद को गर्मी से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। दिन भर पानी की तलाश में बेसहारा पशुओं को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। फसलों की भी किसानों को हर दूसरे-तीसरे दिन सिचाई करनी पड़ रही है। तेज धूप से खेतों की नमी नहीं रुक पा रही है। तालाबों का पानी भी तली में आ गया है।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.