![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/16_06_2021-harsh_firing_police_21742354.jpg)
RGA न्यूज़
मंगलवार रात की घटना में जांच में सामने आई साजिश, एक फरार आरोपित की हो रही है तलाश
मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान दुल्हन के चचेरे भाई को हर्ष फायरिंग की वजह से नहीं गोली लगी थी बल्कि उसकी सुनियोजित ढंग से हत्या की गई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक युवक और उसके पिता को को हिरासत में लिया है।
प्रयागराज, प्रतापगढ़ के रानीगंज इलाके में मंगलवार रात शादी समारोह में दुल्हन के चचेरे भाई को हर्ष फायरिंग के दौरान नहीं गोली लगी थी बल्कि उसकी सुनियोजित ढंग से हत्या की गई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गोली मारने वाले युवक और उसके पिता को पकड़ा है। पुलिस को छानबीन में पता चला है कि यह इकतरफा प्रेम में नाकाम रहने पर प्रतिशोध में किया गया अपराध है। निशाने पर दूल्हा था लेकिन गोली लग गई दुल्हन के चचेरे भाई को। इस घटना का एक आरोपित फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीम को छापेमारी के लिए भेजा गया है। प्रेम की हत्या से उसके घर में मातम छाया है। पत्नी समेत परिवार के लोग विलाप करते दिखे।
बरात में गोली लगने से मौत पर मची थी अफरातफरी
रानीगंज इलाके में सरायखेरखां लोहारतारा गांव निवासी 38 वर्षीय प्रेम कुमार सिंह वर्ष पुत्र शिव सिंह के चाचा निगम सिंह कोटेदार हैं। उनकी बेटी मीनाक्षी की मंगलवार को शादी थी। बारात दिल्ली से उनके घर आई थी। द्वारचार पूजा के दौरान दुल्हन का चचरे भाई प्रेम कुमार सिंह तमाम तरह के इंतजाम करने में जुटा था। द्वार पूजा के बाद दूल्हा उठने लगा ठीक तभी गांव का ही विवेक सिंह वहां आय़ा और उसने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली प्रेम सिंह के सिर में लगी और वह गिरकर छटपटाने लगा। बरात में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रेम को उठाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शादी में गोली लगने की इस घटना की सूचना पर रात में एएसपी सुरेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, सीओ अतुल अंजान त्रिपाठी एवं एसओ रानीगंज पवन त्रिवेदी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की।
पिता ने कहा, पहले भी शादी में डाल चुका था बाधा
पहले यही खबर फैली थी कि शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली दुल्हन के चचेरे भाई प्रेम को लग गई। पुलिस ने गोली मारने के आरोपित विवेक सिंह और उसके पिता गुलाब सिंह को हिरासत में ले लिया है। सीओ रानीगंज के मुताबिक इस घटना में शामिल तीसरा आरोपित विवेक का मित्र फिरोज फरार है। दुल्हन के पिता निगम सिंह ने रानीगंज थाने में दी गई तहरीर में लिखा है कि शादी के दौरान उनके ग्राम पंचायत सरायखेर खां लोहारतारा के मड़ार पुरवा के रहने वाले गुलाब सिंह का बेटा विवेक सिंह आ गया। उसने दूल्हे को निशाना साधकर गोली चला दी, तभी बीच में प्रेम सिंह आ गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद विवेक उन्हें धमकी देते हुए अपने साथी फिरोज के साथ भाग निकला। विवेक पहले भी उनकी बेटी की शादी में अड़चन डालता रहा है। उन्हें और उनके परिवार को देख लेने की धमकी देता रहा है। सीओ रानीगंज के मुताबिक इस घटना में शामिल तीसरे आरोपित फिरोज की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इस मामले के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। यह मामला अभी इकतरफा प्रेम का लग रहा है। पूरी जांच के बाद हकीकत सामने आएगी।
पत्नी की हालत खराब, गुमसुम हैं मासूम
उधर, प्रेम सिंह की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। उसकी पत्नी नीलू की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रेम के बेटे आर्यन (12) व विशेष (10) पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें परिवार के लोग ढांढस दे रहे हैं कि उनके पिता जल्द ही लौटकर आएंगे, वे अपने पिता के आने की राह देखते हुए गुसमुम हैं।