RGA news
नाइट कर्फ्यू के चलते ताजमहल अब सुबह सात बजे से खुलेगा।
प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लागू रहने तक सभी स्मारक सुबह सात बजे खोले जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के स्पष्ट नहीं होने से आ रही है परेशानी। बुधवार को सुबह पांच बजे ही दे दिया गया था प्रवेश। समय को लेकर जारी नहीं की गई थी स्पष्ट गाइडलाइन
आगरा,स्मारकों को खोलने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश अस्पष्ट होने के चलते समस्या खड़ी हो गई है। गुरुवार को सूर्याेदय के समय ताजमहल निहारने पहुंचे पर्यटकों को स्मारक के गेट खुलने का इंतजार करना पड़ा। सुबह सात बजे गेट खुलने के बाद ही वो स्मारक में प्रवेश पा सके। हालांकि, मंगलवार को कुछ पर्यटक स्मारक में सूर्योदय से पहले ही प्रवेश पा गए थे।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों के गेट बुधवार को पर्यटकों के लिए खोल दिए गए थे। ताजमहल में सबसे पहले सुबह 5:10 बजे ब्राजील की पर्यटक मेलिशा डेलारोजा ने प्रवेश पाया था। गुरुवार को सूर्योदय के समय ताजमहल के दीदार का ख्वाब संजोए पर्यटक ताजमहल पहुंचे तो उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। उन्हें नाइट कर्फ्यू का हवाला देकर सुबह सात बजे तक इंतजार करने को कहा गया। स्मारक के पूर्वी व पश्चिमी गेट बंद रहे। सात बजे से उन्हें प्रवेश देना शुरू किया गया। स्मारक के बाहर बैठने की कोई व्यवस्था नहीं होने से पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ी। कैमरामैन भी गेट के बाहर खड़े रहे। पर्यटकों ने उनसे पूर्व कुछ लोगों को प्रवेश देने पर सवाल उठाए।
अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि प्रदेश में अभी शाम सात से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। सुबह सात बजे से पहले हम पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश नहीं दे सकते हैं। जब तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा या आदेश स्पष्ट नहीं होगा तब तक सभी स्मारकों में सुबह सात बजे से ही प्रवेश दिया जाएगा। सात बजे से पूर्व केवल विभागीय कर्मचारियों को स्मारक में प्रवेश दिया गया है। मंगलवार को कर्मचारियों को जानकारी नहीं होने की वजह से एक-दो पर्यटक सुबह सात बजे से पहले स्मारक में प्रवेश पा गए थे। अधिकांश पर्यटक सुबह सात बजे के बाद ही आए थे।
सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं स्मारक
एएसआइ द्वारा देश में संरक्षित सभी स्मारक सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं। ताजमहल इनमें अपवाद है। यहां सूर्योदय से आधा घंटे पहले पर्यटकों को प्रवेश दिया जाता है। पर्यटन संस्थाओं की मांग पर चार-पांच वर्ष पूर्व ऐसा किया गया था, जिससे कि पर्यटक सूर्योदय के समय ताजमहल निहार सकें। पूर्व में सूर्योदय के समय गेट खुलने पर टिकट और सुरक्षा जांच में पर्यटकों का अमूल्य समय बर्बाद हो जाता था और वो सूर्योदय के समय ताजमहल नहीं निहार पाते थे। इसलिए सूर्योदय से आधा घंटा पहले ताजमहल खोलने का आदेश किया गया था।