RGA न्यूज इंदौर/मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में जल्द ही महिलाएं दो पहिया वाहनों की रिपेयरिंग करते हुए देखी जाएंगी। इसके लिए दिल्ली की एक संस्था शहर में 16-35 साल की आयु वर्ग की महिलाओं को ट्रेनिंग दे रही है। उन्हें मोटरसाइकिल और स्कूटर रिपेयर करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। संस्था शहर में सर्विस सेंटर्स खोलने की भी योजना बना रही है। यह पहल इसलिए की जा रही है क्योंकि दो पहिया वाहन चलाने वाली महिलाओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है और उन्हें महिला मैकेनिकों से संपर्क करने में असहजता महसूस न हो। साथ ही इस पहल से महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन पाएंगी।
समान सोसाइटी गर्ल्स काउंट नेटवर्क नाम की इस संस्था की ओर से महिलाओं को ये ट्रेनिंग दी जा रही है। अभी तक 40 महिलाओं की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है जबकि 25 की अभी भी जारी है। संस्था ने निर्देशक राजेंद्र बंधु का कहना है कि इस उद्देश्य के लिए शहर में तीन इमली और पलादा में ट्रेनिंग सेंटर खोले गए हैं। महिलाओं को रोज चार घंटे तक की ट्रेनिंग दी जाती है इससे महिलाओं को ज्यादा परेशानी नहीं होती और वह अपने घर भी जा पाती हैं।
बस्तियों में भी चलाया जा रहा है अभियान
संस्था के निर्देशक ने आगे बताया कि महिलाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ने के लिए बस्तियों में अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के तहत जो महिलाएं ट्रेनिंग लेने की इच्छा रखती हैं वह खुद आगे आ रही हैं। इस व्यवसाय में महिलाओं को सम्मिलित करने के लिए अनौपचारिक बैठक और पोस्टर्स का भी प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था शहर में ऑल इंडिया टू व्हीलर सर्विस सेंटर साल के अंत तक शुरू करेगी। साथ ही इस काम में महिलाओं को भी मदद की जाएगी। दो पहिया वाहन चलाने वाली महिलाएं अपने वाहनों की सर्विसिंग के लिए घर बैठे फोन पर महिला मैकेनिक को बुला पाएंगी।