

RGA न्यूज़
गुरु के ताल के सामने आगरा दिल्ली हाईवे पर दुर्घटना के शिकार पति पत्नी।
सिकंदरा में गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास दर्दनाक दुर्घटना। मथुरा मांट के रहने वाले थे पति-पत्नी हाईवे पर लगा जाम। टैंकर की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है। घटना तीसरे पहर करीब सवा तीन बजे की है।
आगरा, आगरा में मथुरा हाईवे पर गुरुवार को टैंकर ने गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। दुर्घटना में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई। मरने वाले दंपती मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटे तक जाम की स्थिति रही। मौके से भागने की कोशिश करते चालक समेत टैंकर को लेकर भाग गया। पुलिस ने शवों को वहां से हटाकर हाईवे पर आवागमन शुरू कराया। दंपती की मौत की जानकारी होने पर उनके स्वजन थाने पर पहुंच गए। टैंकर की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है।
घटना तीसरे पहर करीब सवा तीन बजे की है। मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के रहने वाले दंपती बाइक से घर लौट रहे थे। सिकंदरा हाईवे पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास सामने पीछे से आते तेज रफ्तार टैंकर ने दंपती को चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के बाद दोनों बाइक समेत गिर गए। टैंकर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। सड़क पर गिरे दंपती को लोग अस्पताल ले जाने के लिए भागे। मगर, तब तक दोनों की दम तोड़ चुके थे।
इंस्पेक्टर सिकंदरा कमलेश सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त लाखन पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। वह गांव भंकरपुर बसेला थाना मांट, मथुरा का रहने वाला है। मरने की महिला लाखन की पत्नी है। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर समेत भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज की मदद से टैंकर और उसके मालिक के बारे में पता किया जा रहा है।