![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/22_06_2021-weather_meter_21761662.jpg)
RGA न्यूज़
आगरा में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप है।
आगरा में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान में वृद्धि। बढ़कर 28.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। अधिकतम तापमान रहेगा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब। सुबह से ही निकली है तेज धूप। उमस बढ़ने से पसीना बहाकर लोग बेहाल।
आगरा, गर्मी में लोग झुलस रहे हैं और उमस से बेहाल हैं। बीते सालों की तरह इस बार भी मानसून छलावा कर रहा है। भारतीय मौसम विभाग की भविष्यवाणी समय पूर्व मानसून आगमन संबंधी आगरा आते आते दम तोड़ गई। बीच में भी मौसम विभाग ने आगरा में बारिश और बूंदाबांदी को लेकर अनुमान जताए थे लेकिन वे भी फेल हो गए। मंगलवार सुबह से ही लोग पसीने में नहा रहे हैं, धूप तेज होती जा रही और गर्म हवा चलने लगी है। इससे सुबह का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
सुबह आठ बजे के बाद धूप में खडा होना मुश्किल हो गया है। सूरज की किरणें शरीर को झुलसा रही हैं, पांच मिनट से ज्यादा धूप में खडे होने पर परेशानी हो रही है। नौ बजे के बाद धूप और तेज हो गई है। इससे न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी और तापमान बढ़ जाएगा।
इससे पहले गर्मी और उमस से सोमवार को लोग दिन भर परेशान रहे। दोपहर में गर्म हवा चली, शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। सुबह सात बजे के बाद धूप तेज हो गई। नौ बजे कुछ देर के लिए बादल छाए। दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज हो गई और गर्म हवा चलने लगी। शाम को भी गर्म हवा चली। इससे अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
40 से 41 के बीच रहेगा तापमान
मौसम विभाग द्वारा 28 जून तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके तहत बुधवार को तेज धूप निकलेगी और गर्म हवा चलेगी। गुरुवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 28 जून तक धूप निकलने और लू चलने से अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है।
पानी की न होने दें कमी
एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा नीरज यादव ने बताया कि तेज धूप के साथ की गर्म हवा चल रही है। घर से बाहर निकलने पर बच्चों में पानी की कमी के साथ इलेक्ट्रोलायट का असंतुलन हो सकता है। इससे पेट संबंधी समस्याएं बढ सकती हैं। बच्चों को साफ अधिक से अधिक पानी पिलाएं, घर पर बने हुए पेय पदार्थ का ही सेवन कराएं।