

RGA न्यूज़
पोर्टल करेगा स्कूलों की अंक मूल्यांकन में पूरी मदद
सिटी कोआर्डिनेटर स्कूलों से संपर्क कर जानेंगे समस्या कराएंगे समाधान। पोर्टल करेगा स्कूलों की अंक मूल्यांकन में पूरी मदद वेबीनार से दिया जाएगा प्रशिक्षण। बोर्ड का परीक्षा परिणाम फार्मूला तभी सफल होगा जब प्रत्येक स्कूल इसे समझे।
आगरा, कोरोना संकट के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा रद की, तो विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए मूल्यांकन नीति भी जारी कर दी। इसके साथ बोर्ड स्कूलों की शंकाओं व सवालों का जवाब देने की तैयारी भी कर रहा है। जिन स्कूलों को विद्यार्थियों के अंकों की गणना में दिक्कत हो रही है, बोर्ड उन्हें मार्किंग पैटर्न और परिणाम तैयार करने का ककहरा तक समझाने की तैयारी में है। इसके लिए वेबीनार न सिर्फ ट्रेनिंग देगा, बल्कि एक पोर्टल भी शुरू कर दिया है।
सीबीएसई सिटी कोआर्डिनेटर डा. रामानंद चौहान का कहना है कि बोर्ड तमाम स्कूलों ने कहा है कि मूल्यांकन नीति को लेकर उनकी कुछ शंकाएं और सवाल हैं, इस पर बोर्ड का स्पष्ट कहना है कि बोर्ड उनकी सभी शंकाओं और समस्याओं को दूर करेगा। बोर्ड का परीक्षा परिणाम फार्मूला तभी सफल होगा, जब प्रत्येक स्कूल इसे समझे, जिसके लिए वह हर संभव मदद करेगा। उन्हें इसी विस्तार से जानकारी देने के लिए वेबीनार आयोजित की जाएगी। सीबीएसई की वेबसाइट पर भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। साथ ही, स्कूलवार रेफरेंस ईयर अंकों की जानकारी भी आनलाइन ही उपलब्ध कराने की तैयारी है। स्कूलों की कुछ शंका या प्रश्न हैं, तो वह सिटी कोआर्डिनेटर को भी भेज सकते हैं। हमें भी निर्देश मिले हैं कि स्कूलों के लगातार संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को निराकरण कराए।
पोर्टल भी करेगा मदद
बोर्ड ने 12वीं का परिणाम तैयार करने में स्कूलों को मदद देने के उद्देश्य से एक पोर्टल भी तैयार किया है, जिससे उन्हें अंकों की गणना की उलझन कम करने में मदद मिलेगी। सभी विद्यार्थियों के अंक प्राप्त करने के बाद उक्त पोर्टल स्कूलों को विषयवार अंक और संदर्भ माध्यम की पूरी टेबुलेशन सूची दिखाएगा। बोर्ड के आइटी विभाग ने इस पोर्टल को तैयार किया है, जो कई सेक्शन में होगा। इनमें स्कूलों को विद्यार्थियों के अंक भरने होंगे, जैसे आंतरिक ग्रेड, प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट, आंतरिक मूल्यांकन आदि। 12वीं कक्षा के अंकों के सत्यापन के लिए 10वीं की बोर्ड परीक्षा के वर्ष व रोल नंबर को भरना होगा। 11वीं व 12वीं के अंक अपलोड करने होंगे।