पश्चिम चंपारण में गोली व चाकू मारकर युवक की हत्या, पुलिस कर रही जांच

harshita's picture

RGA न्यूज़

बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम पुलिस ने मौके से 7.65 एमएम का खोखा व चाकू किया बरामद सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका।

पश्चिम चंपारण, रामनगर थाना क्षेत्र के हरदिया जोगिया गांव के बीच डुमरा मोड़ पर शुक्रवार की रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक युवक को गोली व चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के समय मृतक अन्य दो लोगों के साथ नरकटियागंज से लौट रहा था। घटना के बाद सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका।

रामनगर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी इस्लाम हाफिज (30) शुक्रवार की रात अपने दो साथियों के साथ बाइक से नरकटियागंज से घर लौट रहा था। वह डुमरा मोड़ के पास पहुंचा था कि जहां अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इस्लाम के बाइक को ओवरटेक करके रोक लिया। गाड़ी रुकते ही उसके पेट में दो गोली मार दी। गोली मारने के बाद उसके पीठ पर भी चाकू से हमला किया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। अपराधी गमछा व मास्क से मुंह बांध रखे थे। जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के साथ चल रहे युवकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के डुमरा गांव निवासी गुड्डू मियां व नसीम मियां के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घटना के बाद दोनों वहां से भाग गए थे। बाद में उनकी सूचना पर ग्रामीण स्थल पर पहुंचे। जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। वहां से इस्लाम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. डीएस आर्या ने दो गोली लगने व चाकू से भी वार करने की पुष्टि की। गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी रेफर कर दिया गया। मोतिहारी ले जाने के क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई।

स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल

बता दें कि इस्लाम सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा था। ठेके पर लेकर सेंटरिंग का कार्य करता था। शुक्रवार को भी वह नरकटियांगज में किसी साइड से ही लौट रहा था। जिसके साथ अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि स्थल से तीन 7.65 एमएम का खोखा, एक मिस फायर कारतूस व चाकू भी बरामद कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.