

RGA न्यूज़
थाई मांगुर प्रजाति की मछली का सेवन करने से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
थाई मांगुर प्रजाति की मछली के बारे में कहा जाता है कि वह जहां रहती है उसके आसपास मौजूद जलीय जीवों का भक्षण करती है। इसे ईको सिस्टम के अनुकूल नहीं पाया गया है
प्रयागराज। मछली का सेवन करने से आंख की रोशनी बढ़ती है। मछली से तमाम विटमिन व प्रोटीन मिलते हैं। ऐसा तो आपने सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी यह जानने की कोशिश की है कि किस प्रजाति की मछली का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। अगर नहीं पता है तो इस खबर के माध्यम से हम आपको बता रहे हैं कि कौन सी मछली का सेवन नहीं करना चाहिए, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़े।
थाई मांगुर प्रजाति की मछली खाने से ब्रेन ट्यूमर बढ़ सकता है
आप जान लें कि थाई मांगुर प्रजाति की मछली मनुष्य के लिए फायदेमंद नहीं है। अलबत्ता इसके सेवन से आपका ब्रेन ट्यूमर बढ़ सकता है। ऐसा हम नहीं बल्कि पुलिस और मत्स्य विभाग के अधिकारी कह रहे हैं। थाई मांगुर मछली के बारे में कहा जाता है कि वह जहां रहती है, उसके आसपास मौजूद जलीय जीवों का भक्षण करती है। इसे ईको सिस्टम के अनुकूल नहीं पाया गया है। इसके चलते ही इस प्रजाति की मछली को प्रतिबंधित किया गया है।
मछली से भरा ट्रक पकड़े जाने पर सामने आए तथ्य
दरअसल, मंगलवार को हंडिया पुलिस ने इसी प्रजाति की मछली से भरा हुआ ट्रक पकड़ा था, जिसके बाद यह तथ्य सामने आए हैं।
जिला मत्स्य अधिकारी बोले
जिला मत्स्य अधिकारी ने जांच के बाद बताया कि मछली प्रतिबंधित है, जिसके बाद उसे नष्ट करने की कार्रवाई की गई। पकड़ी गई कुल मछली की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले महेश प्रसाद साहू, हफीजुर्रहमान व नूर जमाल कोलकाता पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों की जांच के बाद तीन लाख मछलियों को गड्डे में डलवाकर नष्ट कर दिया। साथ ही सभी के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।