![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/21_06_2021-26_06_2019-bjp_flag_19345604_11102634_21758343_5.jpg)
RGA न्यूज़
मेरठ और आसपास के जिलों में शनिवार की शाम तक सभी परिणाम आ गए।
मेरठ और सहारनपुर मंडल में ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान हुआ। कई स्थानों पर इस दौरान हंगामा भी हुआ। शाम तक सभी ब्लाकों के परिणाम आ गए। इनमें से अधिकतर सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है।
मेरठ, 2021 ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए शनिवार को मेरठ और आसपास के जिलों में मतदान हुआ। बीडीसी प्रत्याशी से लेकर उम्मीदवार वोट डाला। तीन बजे तक की वोटिंग के बाद मतगणना हुई। इस दौरान कई जगहों पर हंगामा झड़प की घटनाएं देखने को मिली। बागपत में फर्जी वोट डालते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुजफ्फरनगर में भाकियू-भाजपा की झड़प हुई। इसके अलावा सहारनपुर में पुलिस से नोकझोंक की घटनाएं हुईं। मेरठ में 12 ब्लाकों में से छह सहारनपुर में छह ब्लाकों, मुजफ्फरनगर पांच ब्लाकों, बागपत में तीन ब्लाक, बिजनौर में पांच ब्लाक, बुलंशहर में सात व शामली में तीन ब्लाक में चुनाव हुआ। शाम तक सभी सीटों के रिजल्ट भी आ गए। बुलंदशहर में चार सीट पर निर्दलीय व तीन पर भाजपा ने जीत दर्ज कराई है। मुजफ्फरनगर में नौ में से सात पर भाजपा विजयी हुई। बागपत में भाजपा के चार और एक निर्दलीय को जीत हासिल हुई। वहीं सहारनपुर में पांच ब्लाकों पर भाजपा का कब्जा रहा। दूसरी ओर बिजनौर में 10 ब्लाकों पर भाजपा विजयी रही और शामली में शामली में चार ब्लाक प्रमुख सीटों पर कमल खिला है।
बुलंदशहर में चार सीट पर निर्दलीय व तीन पर भाजपा ने दर्ज करायी जीत
बुलंदशहर में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में शनिवार को ब्लाक प्रमुख पद पर मतदान हुआ। जिले में ब्लाक प्रमुख की 16 सीट है। इनमें से 9 सीट पर निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हो चुके हैं। सात सीटों पर जद्दोजहद के बाद मतदान की स्थिति बनी। शनिवार को सुबह 11 बजे से ही भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी व निगरानी में मतदान शुरू हुआ। शाम तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई। मतदान और मतगणना पूरी तरह शांति से निपटी। शाम को जारी परिणाम चौंकाने वाले थे। जिले के सात ब्लाक में कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक कार्यालयों पर बने मतदान केंद्रों पर ब्लाक प्रमुख पद के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मदान केंद्रों पर मतदाताओं को कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया गया। मतदान केंद्र के बाहर और अंदर वीडियोग्राफी कराने के साथ मतदान केंद्रों के रास्तों पर भार पुलिस बल तैनात किया गया। सभी ब्लाक में शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। डीएम और एसएसपी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण करते रहे। मतदान के बाद मतगणना प्रक्रिया जारी करा दी गई।
मुजफ्फरनगर में नौ में से सात पर भाजपा विजयी
मुजफ्फरनगर में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में नौ में से सात सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। बुढ़ाना में रालोद, सपा व कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी पाल्लो देवी और खतौली से निर्दलीय संजो देवी ने जीत हासिल की। हालांकि संजो देवी के पति गौतम गुर्जर सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम के करीबी हैं। सदर, मोरना, चरथावल व बघरा में पूर्व में ही भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे, जबकि जानसठ से नरेंद्र चौधरी, पुरकाजी से मालती रानी, शाहपुर से अरङ्क्षवद त्यागी ने जीत हासिल की। बुढ़ाना और पुरकाजी में विपक्ष ने प्रशासन पर सत्ता के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। भाकियू अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत ने कहा कि पुलिस प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
बागपत में भाजपा के चार और एक निर्दलीय विजयी
शनिवार को बागपत, छपरौली व पिलाना ब्लाक पर चुनाव हुआ। बागपत ब्लाक में निर्दलीय उम्मीदवार सुनीता के समर्थकों ने कई वोटर ब्लाक में जाने से रोकने आरोप लगा हंगामा किया। छपरौली में रालोदियों ने हंगामा किया। बागपत में निर्दलीय सुनीता 46 वोट लेकर विजयी हुई व भाजपा की मीनू 37 वोट मिली। पिलाना में निर्दलीय अनीश यादव 42 वोट लेकर जीते ,जबकि निर्दलीय अभयवीर यादव को 39 वोट मिले। छपरौली में रालोद की अंशू तोमर 44 वोट लेकर विजयी रही। भाजपा की कमलेश 21 वोट मिली। पांच वोट निरस्त हुई। बता दें बिनौली, खेकड़ा और बड़ौत में भाजपा के तीन ब्लाक प्रमुख निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
सहारनपुर में पांच ब्लाकों पर भाजपा का कब्जा
सहारनपुर में ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में शनिवार को हुए मतदान व मतों की गिनती के बाद परिणाम घोषित कर दिये गए। चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत का परचम लहराते हुए 6 में से 5 ब्लाकों में शानदार जीत हासिल की है। जबकि सरसावा में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। सबसे हाट माने जा रहे देवबंद ब्लाक में भी भाजपा ने बाजी मारी और स्वर्गीय मंत्री राजेंद्र राणा की पुत्र वधु को हराकर ममता त्यागी ब्लाक प्रमुख बनी। देवबंद में सपा नेता कार्तिकेय राणा पत्नी को जानबूझकर चुनाव हराने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए हैं। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोट डाले गए कई स्थानों पर विपक्षी दलों ने प्रशासन पर सत्ताधरी दल के लोगो के समर्थन का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नकुड़ में आयुष मंत्री के साथ उनके समर्थकों के मतदान केंद्र में जाने पर सपा-बसपा ने हंगामा किया तो वहीं साढौली कदीम में भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को हेल्पर दिये जाने तथा गैर भाजपा प्रत्याशी को हेल्पर न दिये जाने पर हंगामा हुआ। जनपद के 11 ब्लाकों में से भाजपा ने 8 सीटों पर जीत हासिल की है दो पर निर्दलीय व एक पर बसपा विजयी रही। देवबंद में सपा प्रत्याशी के समर्थकों को खदेड़कर लाठी चार्ज की सूचना है।
बिजनौर में 10 ब्लाकों पर भाजपा विजयी
बिजनौर जनपद में ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा ने अपना परचम लहराया। 11 ब्लाकों में से 10 ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई। शनिवार को जनपद की पांच ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए चुनाव हुआ। चुनाव के दौरान नजीबाबाद में एक पक्ष के वोट डालने को लेकर समर्थकों ने थोड़ी देर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कर दिया। जिले में ब्लाक प्रमुख का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। 11 में से छह ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने गए थे। पांच ब्लाकों में चुनाव हुआ, जिसमें से नजीबाबाद ब्लाक में निर्दलीय और चार में भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई।
शामली में चार ब्लाक प्रमुख सीटों पर खिला कमल
शामली जिले के पांच ब्लाक क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी ने चार सीट पर कमल खिलाया है। कैराना व ऊन में दो प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित होने के साथ ही दो भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने शनिवार को जीत हासिल की है। हालांकि कांधला विकास खंड में भाजपा को हार का मुहं देखना पड़ा। यहां निर्दलीय प्रत्याशी ने विजयी हासिल की है। मतदान करने को लेकर महिला व पुरूष बीडीसी में खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं पुलिस व प्रशासन की सख्ती के कारण मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। चार सीटों पर विजय हासिल करने पर भाजपा खेमें ने जमकर जश्न भी मनाया। दूसरी ओर सपा-रालोद गठबंधन के दोनों प्रत्याशियों को हार मिली है। शनिवार को जिले के तीन ब्लाक क्षेत्रों में प्रमुख पद के लिए सुबह निर्धारित समय से मतदान शुरू हो गया था। मतदान को लेकर बीडीसी सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा व सपा-रालोद गठबंधन के बीडीसी लगातार अपने-अपने मतों का प्रयोग करने के लिए सुबह से ही लाइन में लगे हुए थे। तीनों ब्लाक क्षेत्रों में मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतगणना के उपरांत थानाभवन ब्लाक में भाजपा समर्थित प्रियंका देवी को बडी जीत मिली। इन्होंने 87 मत हासिल करते हुए विपक्षी सपा-रालोद समर्थित प्रत्याशी बेबी देवी को करारी शिकस्त दी। बेबी देवी को कुल 18 मतों पर ही सब्र करना पड़ा है। इसके साथ ही शामली में भाजपा की मुन्नी देवी ने 43 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी सपा-रालोद की मानसी ने 31 वोट प्राप्त किए। मुन्नी देवी लगातार दूसरी बार प्रमुख बनी है। वहीं कांधला ब्लाक में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी विनोद मलिक ने 47 मतों के साथ जीत हासिल की, जबकि भाजपा समर्थित मांगेराम मलिक को 32 मत मिले है।