भाजपाइयाें को अपनी ही सरकार में करना पड़ा धरना-प्रदर्शन, जानें इसका कारण

harshita's picture

RGA न्यूज़

भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष ने कहा कि दुर्भाग्य है कि अपनी ही सरकार में हमें विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

जसरा ब्‍लाक के परिणाम में अनियमितता का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी व एडीएम सिटी से विरोध जताया। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र की सांसद डाक्टर रीता बहुगुणा जोशी भी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध में शामिल हुईं फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

प्रयागराज, प्रदेश स्तर पर ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा। प्रयागराज में कांटे का मुकाबला हुआ। पार्टी से बगावत करके मैदान में ताल ठोंकने वालों ने अच्छी खासी मुश्किल खड़ी की। दूसरी तरफ सपा का प्रदर्शन दमदार नजर आया। इन सब के बीच जसरा विकास खंड में भाजपा के प्रत्याशी को यूं तो हार का सामना करना पड़ा लेकिन पार्टी ने यहां अनियमितता का आरोप लगाया है।

इसी अनियमितता को लेकर शनिवार की देर रात तक भाजपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी व एडीएम सिटी से विरोध जताते रहे। यहां तक कि इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र की सांसद डाक्टर रीता बहुगुणा जोशी भी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध में शामिल हुईं फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने कहा कि दुर्भाग्य है कि अपनी ही सरकार में हमें विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इसकी वजह यह कि अफसर मनमानी कर रहे हैं। यहां तक कि कुछ अफसर सपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।

भाजपाइयों ने कहा- जसरा में अनियमितता हुई

भाजपा उम्मीदवार व पार्टी का कहना है कि जसरा विकास खंड में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में अनियमितता हुई। प्रशासन के स्तर पर यह गड़बड़ी हुई। आरोप लगाया गया कि मतपत्रों के साथ रुपये और सिक्के रखे गए। ऐसे सभी मतों को इनवैलिड करना चाहिए जब कि ऐसा नहीं किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में मतपत्रों के साथ दिखाई दिए नोट

भाजपा के पदाधिकारियों और सांसद डाक्टर रीता बहुगुणा जोशी ने डीएम से पूरे प्रकरण की शिकायत की। डीएम ने सब के साथ बैठकर सीसीटीवी फुटेज देखा तो छह मतपत्रों के साथ नोट दिखे। कुछ के साथ सिक्के भी दिखे। इसके बाद भी डीएम ने अपने फैसले में बदलाव नहीं किया। सपा के उम्मीदवार को पूर्व में ही जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया था। इस प्रकरण को लेकर भाजपाइयों ने राज्य निर्वाचन आयोग को भी पत्र लिखा है।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.