![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/13_07_2021-nagar_nigam_21827089.jpg)
RGA न्यूज़
शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम में बड़ा फेरबदल किया है।
शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम में बड़ा फेरबदल किया है। वार्डों में तैनात कर्मचारियों को समायोजित किया गया है। इससे वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या समान रहेगी। जबकि पहले किसी वार्ड में अधिक कर्मचारी थे तो किसी में कम।
अलीगढ़, शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम में बड़ा फेरबदल किया है। वार्डों में तैनात कर्मचारियों को समायोजित किया गया है। इससे वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या समान रहेगी। जबकि, पहले किसी वार्ड में अधिक कर्मचारी थे, तो किसी में कम। पार्षद आए दिन इसी मसले को लेकर निगम अधिकारियों से शिकायतें कर रहे थे। कुछ वार्डों में कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के बाद भी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही थी। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने अधीनस्थ अफसरों के साथ इस मसले में मंथन कर मंगलवार को यह निर्णय लिया है।
नई व्यवस्था में अधिकतम 30 कर्मचारी होंगे
नगर आयुक्त ने बताया कि नई व्यस्था के तहत वार्डों में अधिकतम 30 और न्यूनतम 22 सफाई कर्मचारी होंगे। वार्डों में सफाई व्यवस्था में एकरूपता लाने के लिए यह उलटफेर किया गया है। 23 वार्डों में अधिकतम 30 सफाई कर्मचारी और 34 वार्डों में न्यूनतम 22 सफाई कर्मचारियों की संख्या निर्धारित कर 74 स्थाई, 38 संविदा तथा 27 आउटसोर्स कर्मचारियों का स्थानातंरण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पार्षदों द्वारा काफी समय अपने-अपने वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कम संख्या होने से सुचारू रूप से सफाई कार्य न होने की शिकायतें की जा रही थीं। पिछले दिनों कार्यकारिणी की बैठक में भी इस मुद्दे पर सदस्यों द्वारा सुधार लाने का सुझाव दिया गया। इसका संज्ञान लेकर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के आठ स्वच्छता वार्ड के अंतर्गत सभी 80 वार्डों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिये यह कदम उठाया गया है। निश्चित रूप से इससे सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा और पार्षदों की सफाई संबंधी शिकायतों को निस्तारित कराए जाने में आसानी होगी।
ऐसे की गई व्यवस्था
प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज प्रभात ने बताया कि जिन 23 वार्डों में 30 से अधिक कर्मचारी थे, वहां 30 कर्मचारी सीमित कर दिए हैं। इन वार्डों में चार, आठ 10, 11, 14, 16, 17, 19, 21, 23, 26, 28, 29, 30, 31, 33, 38, 40, 49, 52, 59, 60 व 69 हैं। जिन वार्डों में कर्मचारी की संख्या 22 से कम थी, उनमें 23 वार्डों से हटाए गए कर्मचारियों को समायोजित करते हुए कर्मचारियों की संख्या 22 कर दी है। इन वार्डों में एक, दो, छह, सात, 13, 15, 18, 20, 22, 24, 25, 27, 30, 32, 35, 37, 42, 43, 44, 45, 46, 47, 50, 51, 55, 56, 57, 58, 61, 62, 65, 67, 68 व 70 हैं। उन्होंने बताया कि नवीन विस्तरित क्षेत्र के वार्डों में चार से 10 तक कर्मचारी थे। इन वार्डों में कर्मचारियों की संख्या को 11 व 12 किया गया है। वार्ड 71 में 12, वार्ड 73 में 11, वार्ड 74 में 11, वार्ड 75 में 11, वार्ड 76 में 12, वार्ड 77 में 12, वार्ड 78 में 11, वार्ड 79 में 11 तथा पार्षद 80 में 11 सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं।