![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/02_09_2021-gun_shot_21984290.jpg)
RGA न्यूज़
दोस्त की कनपटी पर तमंचा रख बुलाया था परीक्षा समन्वयक। कारतूस हथेली पर रख पूछा पानी से लेगा या सोडे से फिर गर्दन में मारी थी गोली। गंभीर हालत होने पर घायल को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया तीन नामजद व 8-10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।
आगरा में युवक को फिल्मी अंदाज में बुलाकर गोली मारी गई है।
आगरा,सिकंदरा के कर कुंज इलाके में युवकों ने प्राइवेट परीक्षा समन्यवक को फिल्मी अंदाज में बुलाकर गोली मार दी। दाेस्त की कनपटी पर बंदूक रख उसे बुलाया। गाड़ी में डाल गैराज में लाकर उसकी हथेली पर कारतूस रख दिया। हमलावरों ने पूछा पानी से खाएगा या सोडे से। इसके बाद गर्दन में गोली मार दी। घायल काे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिकंदरा के पुष्पांजलि आशियाना निवासी विवेक सैनी परीक्षा समन्वयक हैं। प्राइवेट कोचिंग सेंटरों व कालेजों में परीक्षाएं आयोजित कराते हैं। उनके काम को लेकर दूसरा पक्ष रंजिश मानने लगा। विवेक के भाई विपिन ने बताया कि घटना 26 अगस्त की है। हमलावरों ने भाई के दोस्त नवीन मिश्रा को पकड़ लिया। उसकी कनपटी पर तमंचा रख विवेक को फोन कराके सिकंदरा औद्याेगिक एरिया मार्ग पर बुलाया।
विवेक के वहां आने पर हमलावरों ने उन्हें गाड़ी में डाल लिया। करकुंज चाैराहे के पास एक गैराज में लाकर मारपीट की। इसके बाद विवेक की हथेली पर कारतूस रख दिया। बोले कि गोली पानी से लेगा या सोडे से, इसके बाद गर्दन में गाेली मार दी। हमलावर विवेक को यमुना में फेंकने ले जा रहे थे। दोस्त नवीन ने उनके हाथ-पैर जोड़कर रोका। घायल को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर सिकंदरा कमलेश सिंह ने बताया कि विपिन सैनी ने सचिन पूनिया, मनोज चौधरी, वेद फौजदार को नाजद व 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में घायल का ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई थी, फिलहाल वह चिकित्सकीय निगरानी में है।