प्रयागराज में प्रेमी संग फरार होने से नाराज पिता ने बेटी को गोली मारी, आरोपित पिता फरार

harshita's picture

RGA न्यूज़

प्रयागराज में प्रेम प्रसंग में एक पिता ने अपनी ही बेटी को गोली मार दी। पुलिस ने घायल युवती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके ही पिता ने तमंचे से फायरिंग की थी जिससे उसे गोली लगी है। फायरिंग लड़का के पक्ष से नहीं हुई है।

प्रेमी संग भागी युवती वापस लौटी तो पिता उसे गोली मारकर फरार हो गया।

प्रयागराज, प्रयागराज में अपनी सगी बेटी को एक पिता ने गोली मार दी। गंभीर अवस्‍था में उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। गोली मारने का कारण बेटी के प्रेमी संग भाग जाना था। जब पिता को इसकी जानकारी हुई तो उसने आवेश में आकर अपनी बेटी को गोली मारी। उसके कंधे पर गोली लगी है। आरोपित पिता वारदात को अंजाम देने के बाद घर छोड़कर फरार हो गया है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है। कई जगह पुलिस ने छापेमारी की हालांकि अभी तक उसे नहीं पकड़ सकी है।

प्रयागराज के धूमनगंज की घटना

घटना प्रयागराज शहर में धूमनगंज थाना क्षेत्र के भागलपुरवा मोहल्ले में शनिवार देर रात हुई। पुलिस के मुताबिक भागलपुरवा में रहने वाला एक व्यक्ति डीसीएम वाहन का चालक है। उसकी 18 वर्षीय बेटी पड़ोस में रहने वाली एक युवक से प्रेम करती है। प्रेम परवान चढ़ा तो सारी बंदिशें तोड़कर कुछ दिन पहले दोनों अपने घर से भाग गए थे। इसके बाद शुक्रवार को वापस घर लौटे।

युवती के परिवारवालों ने लड़का पक्ष पर गोली मारने का लगाया था आरोप

बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात लड़का और लड़की पक्ष के बीच इसी बात को लेकर विवाद भी हो गया था। बात बढ़ी तो दोनों पक्ष के लोग अपने-अपने घरों से बाहर आ गए और मारपीट करने लगे। इसी बीच किसी ने फायरिंग की, जिससे युवती के कंधे पर गोली लग गई। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीओ, इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आनन फानन घायल युवती को धूमनगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार वालों ने पहले लड़के पक्ष पर गोली मारने का आरोप लगाया।

युवती ने पुलिस को चौंकाने वाली दी जानकारी

हालांकि जब बाद में पुलिस ने घायल युवती से पूछताछ की तो हकीकत ही कुछ और निकली। उसने चौंकाने वाली जानकारी पुलिस को दी। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके ही पिता ने तमंचे से फायरिंग की थी, जिससे उसे गोली लगी है। फायरिंग लड़का के पक्ष से नहीं हुई है।

आरोपित पिता फरार, सीओ बोले- कार्रवाई होगी

इस संबंध में सीओ सुधीर कुमार का कहना है लड़का और लड़की एक ही जाति के हैं। बेटी का घर से भागना पिता को नागवार गुजरा, जिस पर उसने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपित पिता फरार है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.