लखीमपुर के बवाल को लेकर प्रयागराज की पुलिस अलर्ट, सभी प्रमुख स्‍थानों पर फोर्स तैनात

harshita's picture

RGA न्यूज़

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंकने वालों से सख्ती से निपटने को कहा गया है। साथ ही उन्‍हें गिरफ्तार करने का पुलिस को निर्देश दिया गया है। कहीं भी शांति व्यवस्था में खलल न पड़े इसके लिए पुलिस कर्मियों को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।

लखीमपुर की घटना को लेकर प्रयागराज में राजनीतिक दलों का प्रदर्शन शुरू हो चुका है। ऐसे में पुलिस अलर्ट है।

प्रयागराज, लखीमपुर खीरी में हुई घटना को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा शुरू किए गए विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रयागराज के पुलिस अधिकारी सजग हैं। जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया है। सिविल लाइन के सुभाष चौराहा और धरना स्थल के साथ ही बालसन चौराहे के पास पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए हैं।

पुतला फूंकने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंकने वालों से सख्ती से निपटने को कहा गया है। साथ ही उन्‍हें गिरफ्तार करने का पुलिस को निर्देश दिया गया है। कहीं भी शांति व्यवस्था में खलल न पड़े, इसके लिए पुलिस कर्मियों को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश में पुलिस ने अब तक 18 सपाइयों को गिरफ्तार किया है। सभी को सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे से गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया है। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। घटना को लेकर सुभाष चौराहा पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया

भाकियू ने कलेक्‍ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लखीमपुर खीरी में हुई घटना को लेकर किसान आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी की जाए। साथ ही दोषी सांसद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार किसान विरोधी है। किसानों को गाड़ियों से कुचल कर मार दिया जा रहा है।

सपा के साथ कांग्रेस का भी प्रदर्शन

लखीमपुर की घटना के विरोध में नैनी के सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया है। मेवालाल बगिया पर मुख्यमंत्री का पुतला सपाइयों ने दहन किया। अखिलेश यादव की रिहाई की मांग को लेकर समाजवादी अधिवक्ता समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उधर सिविल लाइंस में कांग्रेस पार्टी के लोग भी सक्रिय हो गए हैं। लखीमपुर की घटना के विरोध में सिविला लाइंस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।

प्रतापगढ़ में लखनऊ हाईवे पर कुंडा में सपाइयों ने रास्‍ता जाम किया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखीमपुर खीरी जाने से पूर्व लखनऊ में गिरफ्तारी होने से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कुंडा नगर से होकर गुजरे प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर भगवन तिराहेर के पास जाम लगा दिया। सूचना पर कुंडा पुलिस के साथ पहुंचे कुंडा कोतवाल राकेश भारती ने मशक्‍कत के बाद हाईवे से सपाइयों को हटवाया। करीब 15 मिनट हाईवे जाम रहा। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता तहसील पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.