पीलीभीत में पत्थरों से भरा डंपर पलटने से सगे भाईयों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, जानिए क्या रही वजह

harshita's picture

RGA न्यूज़

 तेज गति से जा रहे डंपर का अगला टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। सुबह टहलने निकले दो सगे भाई डंपर के नीचे दब गए। इससे दोनों की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया।

पीलीभीत में पत्थरों से भरा डंपर पलटने से सगे भाईयों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

बरेली, तेज गति से जा रहे डंपर का अगला टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। सुबह टहलने निकले दो सगे भाई डंपर के नीचे दब गए। इससे दोनों की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

मंगलवार को प्रात: करीब पांच बजे बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव जोगीठेर निवासी मरहूम अबरार अहमद के पुत्र कासिम (12) व उसका छोटा भाई राशिद (8) सुबह टहलने निकले थे। वे दोनों बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत की ओर से आ रहा पत्थर लदा डंपर ब्रेकर से तेजी से गुजरा।

अचानक इसी दौरान डंपर का अगला टायर फट गया। इससे डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। दोनों बच्चे उसके नीचे दब गए। जब तक उन्हें निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी। मासूमों के शरीर के कई टुकड़े हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। मृतकों की बड़ी बहन सोनी रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंची। तब तक कई पुलिस कर्मी भी वहां जा पहुंचे। आनन फानन दोनों के शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

रोते हुए बहन अपने दोनों भाइयों का चेहरा एक बार दिखा देने की गुहार लगा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि एक पुलिस कर्मी ने सोनी को धक्का दे दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों में सड़क पर जाम लगा दिया। इसी दौरान बीसलपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि पुलिस कर्मी ने धक्का नहीं दिया बल्कि जल्दबाजी में हाथ लग गया होगा। इसके बाद ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक फरार हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है।

पिता की छह साल पहले हो चुकी है मौत

हादसे में मरने वाले दोनों बच्चों के पिता अबरार अहमद की छह साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। इन बच्चों की मां किश्वरी बेगम तथा उनके तीन बड़े भाई आसिफ, इस्लाम व असल और उनकी एक बहन जरीना जम्मू कश्मीर में रह रही है। ये सभी वहां एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। उन्हें फोन पर हादसे की सूचना दी गई है। 

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.